वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से संबद्ध 22 महाविद्यालयों में सीटें बढ़ेंगी। वर्तमान शैक्षणिक सत्र से सीट वृद्धि लागू कर दी गई है। इसमें जिले के आठ विद्यालय समेत पूर्वांचल के चार जिले शामिल हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 14 राजकीय महाविद्यालय और आठ अनुदानित महाविद्यालयों को सीट वृद्धि की अनुमति दी है।
बता दें कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने सीट वृद्धि के लिए महाविद्यालयों से आवेदन मांगा था। करीब 153 महाविद्यालयों ने सीट वृद्धि के लिए आवेदन किया था। शनिवार को कुलपति डॉ. पृथ्वीश नाग ने 153 महाविद्यालयों में 22 महाविद्यालयों को इसकी अनुमति दे दी गई है। सीट वृद्धि के तहत स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर पर हर विषय में 60 से 80 सीट और स्नातकोत्तर में प्रायोगिक विषय में 33 प्रतिशत सीट वृद्धि की अनुमति दी गई है।