वाराणसी मंडल में 60.28 और विंध्य मंडल में 61.72 फीसदी वोट पड़े
- फोटो : अमर उजाला
विधानसभा चुनाव के सातवें चरण में वाराणसी और विंध्य मंडल की 40 सीटों के लिए बुधवार को 60.89 फीसदी मतदान हुआ। वाराणसी मंडल में 60.28 और विंध्य मंडल में 61.72 फीसदी वोट पड़े। समस्याओं के विरोध में कुछ जगह बहिष्कार तो कई जगह ईवीएम की खराबी से मतदान बाधित हुआ।
मारपीट और पथराव की भी घटनाएं हुईं।
वाराणसी की आठ विधानसभा सीटों पर 61.12 प्रतिशत हुआ। पिछली बार 56 प्रतिशत मतदान हुआ था। सबसे ज्यादा अजगरा में 64.83 तो सबसे कम कैंट में 55.99 प्रतिशत मतदान हुआ। सोनभद्र में चार सीटों पर 64.03 फीसदी वोट पड़े।
घोरावल के भटौलिया में बूथ बदलने पर लोगों ने धरना दिया। मतदाता सूूची में नाम न होने पर मानपुर के लोगों ने प्रदर्शन किया। किशुनपुरवा में सिपाही ने एक किशोर की पिटाई कर दी। कुछ जगह ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित रहा।
गाजीपुर में सात सीटों पर 58.48 फीसदी मतदान हुआ। फर्जी मतदान करने आए 71 लोग पकड़े गए। कुछ जगह मारपीट एवं पुलिस पर पथराव हुए। जखनिया के गदाईपुर में सपा और बसपा कार्यकर्ताओं में मारपीट में एक घायल हो गया।
मिर्जापुर में पांच सीटों पर 63.56 फीसदी मतदान हुआ। जमूड़ी में मतदान बहिष्कार हुआ। लहुरियादीह में ढाई बजे के बाद मतदान शुरू हुआ। सुरक्षित मतदान कर्मचारियों ने कोई इंतजाम न करने का आरोप लगाते हुए मडि़हान तहसील में एसडीएम को बंधक बना लिया।
चंदौली में चार सीटों पर 62.80 फीसदी वोट पड़े। कुछ जगह ईवीएम की खराबी से मतदान बाधित हुआ। भदोही में तीन सीटों पर 57.56 प्रतिशत मतदान हुआ। औराई के निजामपुर के लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया।
फर्जी मतदान को लेकर विवाद में चार लोग घायल हो गए। जौनपुर में नौ सीटों पर 58.73 फीसदी मतदान हुआ। गौरतलब है कि छठे चरण में चार मार्च को आजमगढ़ मंडल में 21 सीटों के लिए 57.82 फीसदी मतदान हुआ था।