वाराणसी। बीएचयू समाज विज्ञान संकाय में चल रहे वार्षिक युवा महोत्सव अभिकल्पन का चौथा दिन सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के नाम रहा। इस दौरान गायन, वादन की प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी कला के प्रदर्शन से विश्वविद्यालय में 22 फरवरी से होने वाले मुख्य महोत्सव स्पंदन में जगह बनाने की दावेदारी रखी।
संकाय के संबोधि सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में गायन में नेहा प्रीतम ने लट उलझी सुलझा जा बालम, हाथन मेरे मेंहदी लगी है। गीत के माध्यम से पति-पत्नी के बीच प्रेम का भाव दर्शाया तो अभिषेक कुशवाहा ने प्रथम नमन गणनायक चरना भजन के माध्यम से भगवान गणेश की स्तुति की। उधर वादन प्रतियोगिता में सारंग ने संतूर वादन की प्रस्तुतियों से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके अलावा हिंदी, अंग्रेजी काव्यपाठ की प्रतियोगिता भी हुई। महोत्सव के पांचवें दिन मंगलवार को स्वतंत्रता भवन में शाम पांच बजे से जानी मानी लोकगायिका कल्पना पटवारी जाने माने गायक भूपेन हजारिका को सुरों की श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। इसको लेकर दिन भर तैयारियां चलती रहीं। कार्यक्रम में शाश्वत उपाध्याय, दिव्य कुमार जायसवाल, कौन्तेय राय, प्रखर प्रताप, सुयश राय, कौस्तुभ सिंह आदि मौजूद रहे।