वाराणसी/मिर्जामुराद। कैंट थाना के नदेसर में ठेकेदार से हुई आठ लाख की उचक्कागीरी और मिर्जामुराद थाना के मेहदीगंज में कपड़ा व्यापारी के घर डकैती के मामले में दूसरे दिन बुधवार को भी पुलिस की कार्रवाई पूछताछ तक सीमित रही। मिर्जामुराद पुलिस क्षेत्र के ही आपराधिक प्रवृत्ति के चार लोगों से पूछताछ कर रही है। वहीं, कैंट पुलिस पूर्व में जेल जा चुके तीन युवकों से पूछताछ कर रही है। हालांकि मिर्जामुराद और कैंट थाना की पुलिस के हाथ कोई ऐसा अहम सुराग नहीं लगा है जिसके आधार पर दोनों वारदातों का जल्द खुलासा हो सके।
कैंट थाना अंतर्गत नदेसर में मंगलवार की शाम कपसेठी के सकलपुर नेवादा निवासी ठेकेदार धर्मेंद्र सिंह की इनोवा पंचर हो गई थी। धर्मेंद्र पंचर बनवा रहे थे इसी दौरान एक उचक्का इनोवा में रखा आठ लाख रुपये से भरा बैग लेकर भाग निकले। उधर, मिर्जामुराद थाना अंतर्गत मेहदीगंज में रहने वाले भाजपा के जिला महामंत्री प्रहलाद गुप्ता के बड़े भाई कपड़ा व्यापारी धर्मराज गुप्ता के घर में सोमवार की रात घुसे बदमाशों ने परिवार के लोगों को बंधक बनाकर लूटपाट की थी। दोनों ही वारदातों ने जिले की पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं और पीड़ितों को खुलासे का इंतजार है।