ज्ञानपुर। आधुनिक तरीके से खेती के जरिये किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से गांव में किसान पाठशाला आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले के 158 गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में दो चरणों में किसान पाठशाला का आयोजन कर किसानों को तकनीकी प्रशिक्षण किया जाएगा। इसके लिए डीएम ने नोडल और प्रभारी अधिकारियों को नामित किया है।
जिलाधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सरकार की 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने की है। इसके लिए क्षेत्रीय विशेषताओं को ध्यान में रखते हुए किसानों को नई-नई तकनीकी की जानकारी दी जाएगी। किसानों को प्रशिक्षित करने के लिए किसान पाठशाला ‘द मिलियन फार्मर्स स्कूल’ प्रत्येक न्याय पंचायत के 2-2 ग्राम पंचायतों में चलेगी। तीन दिवसीय किसान पाठशालाएं गांव के स्कूलों में सुबह नौ से 11 बजे तक आयोजित होंगी। पहले चरण का प्रशिक्षण 21 से 23 जून चलेगा तो दूसरे चरण में 25 से 27 जून तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए 79 प्रभारी अधिकारी और 79 नोडल अधिकारी बनाए गए हैं। डीएम ने कहा कि किसानों को एकीकृत फसल प्रबंधन, पशुपालन, उद्यान, दुग्ध उत्पादन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन, फसल चक्र के सिद्धांत, गर्मी की जुताई, हरी खाद, कंपोस्ट खाद, वर्मी का महत्व, फसल अवशेष प्रबंधन, जैविक खेती, नए बागों की स्थापना, सब्जी उत्पादन, कृषि वानिकी, कृषि औद्यानिक, मौन पालन आदि की बारीकियां बताई जाएंगी। इसके अलावा सरकारी योजनाओं में देय अनुदान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, खरीफ फसलों में पोषक तत्व प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण कृषि रक्षा, सिंचाई एवं जल प्रबंधन, खेती तालाब, बौछारी सिंचाई, सोलर पंप आदि की जानकारी दी जाएगी।