वाराणसी। जिले के थानेदार अपने क्षेत्र के टॉप फाइव अपराधियों की सूची तैयार करेंगे। थानेदारों की तैयार सूची से एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण और एसपी क्राइम दस-दस अपराधियों की सूची तैयार करेंगे। तीनों एडिशनल एसपी की रिपोर्ट पर एसएसपी जिले के टॉप टेन अपराधियों की सूची को अंतिम रूप देकर उनकी संपत्ति जब्त कराने सहित अन्य विधिक कार्रवाई कराएंगे।
एडीजी जोन पीवी रामाशास्त्री ने गुरुवार को अपने कार्यालय में एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण और एसपी क्राइम के साथ बैठक की। एडीजी जोन ने कहा कि सक्रिय अपराधियों के खिलाफ प्रभावी तरीके से कार्ययोजना बना कर काम हो। जिले के टॉप टेन अपराधियों की सूची नए सिरे से एसएसपी तैयार कराकर गैंगेस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करें। टॉप टेन अपराधियों की संपत्ति पुलिस जब्त कराए और उनके करीबियों की गतिविधियों पर भी नजर हो। इस संबंध में जो भी थानेदार कोताही बरते उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाए।