वाराणसी। रेलवे प्रशासन कितने भी दावे कर ले पर यात्रियों को समय से सुविधा नहीं मिल पा रही है। कैंट रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को छपरा से आने वाली सारनाथ एक्सप्रेस का एसी काम ने करने से यात्रियों ने हंगामा किया। प्रयास के बाद भी दो घंटे तक एसी ठीक नहीं हो पाया।
शाम 6:30 बजे छपरा से दुर्ग जाने वाली सारनाथ एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों ने बताया कि वातानुकूलित बी-1 कोच का एसी नहीं चल रहा हैै। उज्ज्वल बनर्जी ने रेल मंत्री को ट्विट कर इसकी शिकायत की। यात्रियों के हंगामे के बाद भी एसी ठीक नहीं हो सका और ट्रेन दो घंटे खड़ी रही। इस दौरान यात्री हंगामा करते रहे। आरपीएफ और जीआरपी ने यात्रियों को समझाकर शांत कराया। लगभग 8:30 बजे ट्रेन रवाना हुई। इसको लेकर यात्रियों में जबरदस्त रोष रहा। जेके लोहिया, डीईई उत्तर रेलवे ने बताया कि ज्यादा देर तक कहीं आउटर पर खड़ी हो जाने की वजह से बोगी की बैटरी डाउन हो गई थी।