ज्ञानपुर। चिलचिलाती धूप की वजह से वातावरण में तपिश बढ़ने लगी है। यही वजह है कि पारा तेजी से चढ़ते हुए गुरुवार को 40 डिग्री के पार पहुंच गया। सड़कों राहगीर और जरूरी काम से बाहर निकले लोग पसीना पोछते नजर आए। मार्च के आखिरी सप्ताह में पखवारे में ही मौसम के कड़े तेवर को देख लोग इस बार प्रचंड गर्मी का अनुमान लगा रहे हैं।
अप्रैल से पहले ही चढ़ते पारे के साथ गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। बृहस्पतिवार को भदोही जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्शियस रिकार्ड किया गया। दो दिन पूर्व तक अधिकतम 35-36 डिग्री सेल्शियस था। चिलचिलाती धूप और तपिश की वजह से गर्म हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। यही वजह है कि दोपहर में सड़कों पर लोग कम दिखाई पड़े। माना जा रहा है कि इस बार मई, जून में गर्मी अपना प्रचंड रूप दिखाएगी। तेज धूप और गर्म हवाओं से बचने के लिए महिलाएं व युवतियां चेहरा ढक कर बाहर निकल रहीं हैं।
वहीं, बढ़ती गर्मी को देखते हुए शीतल पेय और फल, खीरा-ककड़ी, तरबूज आदि की आमद बाजार में बढ़ गई है। सड़कों के किनारे जगह-जगह इनकी दुकानें सज गई हैं। चिकित्सक डॉ. अनिल श्रीवास्तव का कहना है कि रात में तापमान अपेक्षाकृत अधिक गिर जा रहा है जबकि दिन में तेज धूप हो रही है। तापमान के उतार-चढ़ाव की वजह से बीमार हो सकते हैं। ऐसे में सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि तेज धूप से बचने का प्रयास करना चाहिए। साफ पानी, खीरा-ककड़ी और मौसमी फलों का सेवन ज्यादा करना चाहिए।