गोपीगंज। ऊंज थाना क्षेत्र के सूफीनगर गांव के पास हाईवे पर गुरुवार को हंडिया से सवारी लादकर गोपीगंज आ रहा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में नौ लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोपीगंज में भर्ती कराया गया। तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस की मिलीभगत से इलाहाबाद-वाराणसी राजमार्ग पर बड़ी संख्या में डग्गामार वाहन दौड़ते हैं। क्षमता से ज्यादा सवारी लादने के साथ ही यातायात नियमों को दरकिनार कर ये वाहन फर्राटा भरते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। बृहस्पतिवार को हंडिया से सवारियां लादकर गोपीगंज की तरफ आ रहा टेंपो सूफीनगर में दुर्घटना का शिकार हो गया। टेंपो पलटने से उसमें सवार इसराइल (50) निवासी हनुमानगंज इलाहाबाद, अजय कुमार (21) माधो का पुरा भदोही, पप्पू खां (30) निवासी हंडिया इलाहाबाद, गोविंद कुमार (18) अछवर मवैया ज्ञानपुर, अवधेश नारायण बाबा (70) मैहर के पुजारी, हिना (35) पत्नी इंसान अली सूफीनगर ऊंज, सोनी (18) पुत्री कमरुद्दीन सूफीनगर ऊंज, नीमकौरी देवी (60) पत्नी बाबू नंदन असड़िया सैदाबाद इलाहाबाद, तारा देवी (25) पत्नी गुड्डू असड़िया सैदाबाद, इलाहाबाद घायल हो गई। घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गोपीगंज में भर्ती कराया गया। अवधेश नारायण, पप्पू खां और इसराइल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।