वाराणसी। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रां और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 12 मार्च को शहर आना है। पूरा प्रशासनिक अमला सुरक्षा व्यवस्था से लेकर साफ -सफाई में जुटा है लेकिन शहर को साफ -सुथरा नहीं किया जा सका है। दो मजिस्ट्रेट ने शहर की साफ -सफाई की व्यवस्था का जायजा लेकर जो रिपोर्ट डीएम योगेश्वर राम मिश्रा को दी है, उसमें नगर निगम प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया गया है। रिपोर्ट के बाद मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण और डीएम ने नगर निगम से लेकर पूरे प्रशासनिक अमले को अलर्ट कर दिया है।
डीएम ने गुरुवार को शहर के दो मजिस्ट्रेट को सर्किट हाउस से लेकर कचहरी, नदेसर, वरुणा पुल, लहुराबीर, गोदौलिया होते हुए दशाश्वमेध तक साफ सफाई एवं अन्य व्यवस्था का जायजा लेने का निर्देश दिया था। दोनों मजिस्ट्रेट ने निरीक्षण के बाद देर शाम तक रिपोर्ट डीएम को दे दी। रिपोर्ट में कहा गया कि वरुणा पुल की शुरुआत और अंत में ही सड़क के किनारे गड्ढे हैं भारी संख्या में होर्डिंग लगाई गई है। होटल ताज के सामने जो डिवाइडर बनाए गए हैं वो पान की पीक से पटे हैं। डिवाइडर पर जो रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं वह भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। नदेसर मस्जिद के सामने एवं चौकाघाट प्रकाश पेट्रोल पंप के आसपास बिजली के तार सड़कों के ऊपर कम ऊंचाई से गुजरे हैं। सुरक्षा के लिहाज से यह ठीक नहीं है। चौकाघाट रेलवे क्रॉसिंग के पास कूड़े का अंबार लगा हुआ है और इसे हटाया जाना अत्यंत आवश्यक है। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के पास सड़क खराब है, जिसे जल्द ठीक करवाने का सुझाव दिया गया है। क्वींस कॉलेज बाउंड्री के पास चारों तरफ ठेला और खोमचा वालों ने अतिक्रमण कर रखा है। इससे दीवारों पर की गई पेंटिंग छिप गई है।