वाराणसी। काशी को स्मार्ट सिटी बनाने का खाका वाराणसी विकास समन्वय समिति की बैठक में खींचा गया। बहुमंजिले भवनों के निर्माण पर रोक के साथ ही दवा, गल्ला और लोहा मंडी को शहर से बाहर करने के लिए सुझाव आए। जाम, अतिक्रमण, गंदगी, प्रदूषण, यातायात से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। स्वच्छता के लिए जन जागरूकता पर बल दिया गया। तेलियाबाग तिराहे को चौड़ा करने और रिंग रोड के आसपास बिल्डर्स की आवासीय परियोजनाओं के विस्तार के साथ ही कई अहम निर्णय लिए गए। शनिवार को नदेसर में हुई बैठक की अध्यक्षता कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण ने की।
कमिश्नर ने शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए सामूहिक सहयोग पर जोर दिया। कहा कि पिछले 20 सालों में जितना काम नहीं हुआ, उसका तीन गुना काम मौजूदा समय कराया जा रहा है। प्रदूषण कम करने के लिए बीएचयू के विशेषज्ञ सुझाव दें। शहर के अनियोजित विकास पर रोक लगाने और मंडियों को बाहर करने में शहरवासी सहयोग करें। स्वच्छता, अतिक्रमण आदि बिंदुओं पर जनजागरूकता के साथ ही व्यापार मंडलों और आवासीय सोसाइटी में प्रतियोगिताएं कराई जाएं। बेहतर प्रदर्शन करने वाले व्यापार मंडल और आवासीय सोसाइटी को पुरस्कृत किया जाए। आईजी रेंज दीपक रतन ने कहा कि बगैर जन जागरूकता के किसी भी समस्या का समाधान संभव नहीं है। डीएम योगेश्वर राम मिश्र ने कहा कि भेलूपुर पॉवर हाउस के पास 31 जनवरी तक भूमिगत केबल डालने का काम पूरा हो जाएगा। 10 फरवरी तक सड़क बन जाएगी। तेलियाबाग तिराहा चौड़ा होगा। एसएसपी रामकृष्ण भारद्वाज ने सुगम यातायात के लिए 100 होमगार्ड और 60 पुलिसकर्मी बढ़ाए जाने की जानकारी दी। मैरिज लॉन संचालकों को पार्किगिं व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
वीडीए उपाध्यक्ष राजेश कुमार, नगर आयुक्त डॉ. नितिन बंसल, एसपी ट्रैफिक सुरेश चंद्र रावत, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने भी सुझाव के साथ जनसहयोग पर बल दिया। अतिथियों का स्वागत समिति के संरक्षक वीरेंद्र कुमार ने किया। अध्यक्ष आरके चौधरी ने बैठक का एजेंडा प्रस्तुत किया। संचालन राजेंद्र दूबे और धन्यवाद ज्ञापन प्रदीप शुक्ल ने किया। शहर के विकास के लिए सुझाव देने वाले प्रमुख लोगों में संकटमोचन मंदिर के महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र, मुफ्ती ए शहर मौलाना अब्दुल बातिन नोमानी, मैत्री भवन के फादर चंद्रकांत, गुरुद्वारा के ग्रंथी धर्म सिंह, अरविंद अग्रवाल, दयानिधि मिश्र, डॉ. प्रियंवदा तिवारी, आरसी जैन रहे। प्रेम मिश्र, शिव कुमार शुक्ल, श्रीनारायण खेमका, उमाशंकर पोद्दार, राजेश भाटिया, नीलू मिश्रा, डॉ. रितु गर्ग, गुलशन कपूर, अनुज डिडवानिया, राहुल मेहता, स्नेह रंजन, अरुण मिश्र आदि बैठक में शामिल हुए।