वाराणसी। शहर के किसी भी इलाके में सीवेज, दूषित पेयजल, कूड़े, खराब स्ट्रीट लाइट की समस्या है तो हाथ पर हाथ रखकर मत बैठिए। न ही नगर निगम के अधिकारी या कर्मचारी को फोन करने की जरूरत है। बस अपने मोबाइल पर स्वच्छता एप डाउनलोड करें और उसके माध्यम अपनी शिकायत करें। नगर निगम ऑनलाइन मिलने वाली शिकायतों का 24 घंटे के अंदर निस्तारण करेगा और आपको इसकी जानकारी भी देगा।
स्वच्छ भारत अभियान के तहत स्वच्छता सर्वे-2018 की तैयारी जोरों पर चल रही है। इसके तहत में नगर निगम प्रशासन ने 31 दिसंबर तक 25 हजार स्वच्छता एप डाउनलोड कराने का लक्ष्य रखा है। अब तक शहर के 18 हजार लोग इस एप से जुड़ चुके हैं। अब छह दिन बाकी हैं, जिसमें सात हजार लोगों को जोड़ना है। इस एप का डाउनलोड करने के बाद इसके माध्यम से कोई भी नागरिक अपने इलाके की शिकायत दर्ज करा सकता है। नगर निगम में बने वार रूम से ऑनलाइन शिकायतों का निस्तारण एक जनवरी से शुरू हो जाएगा।