वाराणसी। काशी गोमती संयुत ग्रामीण बैंक की ओर से ऋण मोचन खाताधारकों को बड़ा तोहफा देने की योजना बनाई गई है। इसके तहत ऐसे खाताधारक जिन्होंने अपना लोन चुकता कर दिया है, उन्हें रबी की फसल के लिए 20 सितंबर से 28 सितंबर तक अभियान चलाकर ऋण वितरित किया जाएगा। इसको लेकर मंगलवार को हुई बैठक में समीक्षा की गई।
चौकाघाट स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक श्रीकांत उपाध्याय ने कहा कि चेयरमैन भोला प्रसाद के निर्देश पर चलाए जाने वाले अभियान की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस समय रबी की फसल की बुवाई का कार्य चल रहा है, इसमें शाखाएं अपने सेवा क्षेत्र के किसानों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ऋण दे रही हैं। इसके अलावा पात्र किसानों को एटीएम कार्ड भी दिया जा रहा है, जिससे कि उन्हें पैसा लेने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने किसानों से अपने नजदीकी शाखाओं में जाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में शामिल होकर लाभ लेने की अपील की है। बताया कि बनारस जनपद में बैंक से जुड़े 3300 कृषि ऋण के खाताधारक ऋण मोचन योजना के लिए पात्र हैं। अब तक 2394 ऋण खाताधारकों के खाते में 12.28 करोड़ की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, बाकी खातों को आधार से लिंक कराया जा रहा है।