वाराणसी। पृथक पूर्वांचल राज्य की मांग के लिए चल रहे क्रमिक रेल आंदोलन के तहत एक बार फिर कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार की रात पूर्वांचल राज्य जनांदोलन ने प्रदर्शन किया। विभूती एक्सप्रेस के सामने पटरियों पर प्रदर्शनकारी बैठ गए और जमकर नारे लगाए। हर बार की तरह एक बार फिर जीआरपी और आरपीएफ इनके सामने लाचार दिखी। जहां रेलवे ट्रेन को समय से चलाने का दावा करता रहा तो वहीं प्रदर्शन करने वाले लोगों ने दावा किया कि ट्रेन 15 मिनट देरी से रवाना हुई।
शाम साढ़े सात बजे से ही रेलवे स्टेशन परिसर में लोग इकट्ठा शुरू हो गए। पहले पटना एर्नाकुलम, हिमगिरी ट्रेनों को रोके जाना था पर उनके लेट होने पर लगभग 10 बजे इलाहाबाद से कोलकाता जाने वाली विभूती एक्प्रेस को रोकने के लिए प्रदर्शनकारी आगे बढ़े। प्लेटफार्म नंबर एक पर ट्रेन खड़ी होने के बाद प्रदर्शनकारियों ने लगभग 15 मिनट तक जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करने वालों में ज्यादातर महिलाएं थी। इन्हे ट्रैक पर से हटाने के लिए आरपीएफ को जमकर मशक्कत करनी पड़ी। वक्ताओं का कहना था कि पृथक पूर्वांचल राज्य की मांग को लेकर 9 से 14 अक्तूबर तक अनशन की अनुमति दिए जाने के लिए दबाव बनाने को लेकर यह प्रदर्शन किया गया। किसी अधिकारी द्वारा ज्ञापन न लिए जाने को लेकर प्लेटफार्म पर भी काफी देर तक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन का नेतृत्व वंदना रघुवंशी और अनुज राही ने किया। प्रदर्शन में ज्योति जायसवाल, आरती शर्मा, मंजू व्यास, ज्ञानू श्रीवास्तव, राजेश पांडेय आदि लोग रहे।