फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दर्द और दहशत के साये में गुजरे आठ घंटे

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी/रोहनिया। फ्रांसीसी बुजुर्ग महिला ने वारदात की रात के आठ घंटे दर्द और दहशत के साये में गुजारे। चौकीदार ओमप्रकाश पटेल ने दरिंदगी की सारी हदें पार कर दी। ईंट और घूंसे से पिटाई और कमरे में बंधक बनाकर दुराचार करने के बाद वह बुजुर्ग के गले पर चाकू सटाकर उन्हें जान से मारने के लिए धमकाता रहा। बुजुर्ग को किचन में ले जाकर खाना खाया। पूरी रात बंधक बनाकर कई बार दरिंदगी की। जिला महिला अस्पताल में उपचार कर रहे डॉक्टरों ने फ्रांसीसी महिला की स्थिति नाजुक बताई है।
विज्ञापन

आते ही धक्का देकर गिरा दिया फर्श पर
पीड़ित महिला ने रिजॉर्ट मालिक और उनकी पत्नी को बताया कि बुधवार की रात करीब आठ बजे वह बालकनी में टहल रही थीं। तभी नशे में धुत चौकीदार ओमप्रकाश वहां पहुंचा। वह कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही ओमप्रकाश ने धक्का देकर उन्हें फर्श पर गिरा दिया। फिर उनके चेहरे और सिर पर ईंट और घूंसे से कई वार किए। बुजुर्ग महिला उससे रहम की गुहार लगाती रहीं लेकिन दरिंदगी पर उतारू ओमप्रकाश जान से मारने की धमकी देते हुए उन्हें कमरे में खींच ले गया। रात भर में कई बार दुराचार किया। भोर में जब शूलटंकेश्वर मंदिर की घंटियां बजने लगीं तब उसे पकड़े जाने का डर हुआ। भागने से पहले बुजुर्ग महिला का गला दबाकर हत्या की कोशिश की। नाक और मुंह से खून आने के बाद बुजुर्ग अचेत हो गईं। सुबह मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया।
पर्यटकों के लिए दुभाषिये का भी करती हैं काम
फ्रांसीसी महिला विदेशी पर्यटकों के लिए दुभाषिये का भी काम करती हैं। उन्हें काशी भ्रमण कराती हैं और किरण संस्था सहित अन्य सामाजिक संगठनों से भी जुड़ी हैं। आपबीती बयां करते वह फफक पड़ी। पुलिस को बताया, 40 वर्ष के काशी प्रवास के दौरान वे अस्सी घाट सहित शहर के अन्य स्थानों पर रह चुकी हैं लेकिन उन्हें कभी किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा था।
विज्ञापन

उधर, शूलटंकेश्वर मंदिर के पुजारी और माधोपुर के ग्रामीण चौकीदार की हैवानियत से स्तब्ध रह गए। उन्होंने बताया कि फ्रांसीसी महिला बेहद मृदुभाषी हैं और बहुत अच्छे से हिंदी में बात करती हैं। किरण सेंटर आते-जाते समय रास्ते में मिलने वाले प्रत्येक व्यक्ति को वो नमस्ते करती थीं औैर हालचाल पूछती थीं। इलाके के बच्चे खेलते हुए उनके रिजॉर्ट के पास पहुंच जाते थे तो बहुत अच्छे से पेश आती थीं। उन्होंने आरोपी चौकीदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मल्लाह से बोला, बीवी मर गई है गंगा पार करा दो
शूलटंकेश्वर घाट पर मौजूद मल्लाह राधे ने पुलिस को बताया कि ओमप्रकाश गुरुवार की सुबह चार बजे आया था। कहा कि उसकी पत्नी की मौत हो गई है, जल्दी से गंगा पार करा दो। इस पर राधे ने ओमप्रकाश को अपनी नाव से गंगा पार कराया। पुलिस ने बताया कि ओमप्रकाश की पत्नी की मौत चार-पांच वर्ष पूर्व ही हो चुकी है।

पीएमओ ने मांगी जानकारी, खुफिया एजेंसियों से लिया ब्यौरा
विदेशी महिला से दुराचार और हत्या के प्रयास का मामला सामने आते ही सूबे के गृह विभाग के साथ प्रधानमंत्री कार्यालय ने भी मामले की जानकारी ली। जिला प्रशासन से घटना की रिपोर्ट तलब कर उपचार और देखरेख में किसी भी स्तर पर कोताही न बरतने का निर्देश दिया गया है। वहीं, विदेश मंत्रालय से जानकारी मिलने पर फ्रांसीसी दूतावास के अधिकारियों ने जिला प्रशासन के अधिकारियों से फोन पर घटना की जानकारी ली। इसके साथ ही महिला की सुरक्षा और उपचार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वहीं, घटना को लेकर आईबी सहित अन्य खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय नजर आईं और ब्यौरा इकट्ठा कर प्रदेश और केंद्र सरकार को रिपोर्ट भेजी गई।

कड़ी कार्रवाई हो, देश की छवि होती है धूमिल
जगतपुर आईं केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बुजुर्ग फ्रांसीसी महिला के साथ दुराचार की घटना की कड़ी भर्त्सना की। कहा कि पुलिस आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए। ऐसी घटनाओं से देश की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल होती है। विदेशी महिला के उपचार में प्रशासन किसी प्रकार की कमी न आने देने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया।

विदेशी बनते रहते हैं अपराधियों का निशाना
काशी में विदेशी पर्यटक आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का निशाना बनते रहे हैं। 13 नवंबर 2015 को लंका थाना क्षेत्र के करौंदी में रूसी युवती डारया यूरिएवा प्रोकीना पर उसके दोस्त सिद्धार्थ श्रीवास्तव ने सोते समय तेजाब उड़ेल दिया था। रूसी युवती से सिद्धार्थ शादी करना चाहता था लेकिन वह तैयार नहीं थी। 2014 में लंका क्षेत्र के नगवां में जापान के युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। 2013 में एक विदेशी युवती को भांग पिलाकर दुराचार किए जाने का मामला सामने आया। इसके पहले न्यूजीलैंड की डायना को एक गाइड से प्रेम हुआ। मगर, बात बिगड़ी और गाइड ने डायना की हत्या कर उसका शव गाजीपुर स्थित अपने घर में दफना दिया था। पुलिस ने गाइड के घर से डायना का कंकाल बरामद किया था। इसके अलावा गंगा घाटों और शहर के व्यस्त बाजारों में महिला विदेशी पर्यटकों के साथ छेड़खानी की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं। वहीं, गंगा घाटों और पक्कामहाल क्षेत्र की तंग गलियों में विदेशी पर्यटकों को ठगने और उनका सामान लेकर भागने की घटनाएं भी आए दिन सामने आती रहती हैं।

कराएंगे कार्रवाई शिनाख्त, होगी कड़ी कार्रवाई
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि गिरफ्त में आए आरोपी ओमप्रकाश की कार्रवाई शिनाख्त जेल में कराई जाएगी। पर्याप्त साक्ष्यों के साथ केस को इतना मजबूत बनाया जाएगा कि ओमप्रकाश को कड़ी सजा हो। उसके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है। सामने आए तथ्योें के आधार पर गैंगस्टर की कार्रवाई भी की जाएगी।

कई विदेशी रहते हैं बिना थानों की जानकारी के
लंका के करौंदी स्थित मकान में रूसी युवती पर तेजाब फेंके जाने की घटना के दौरान उजागर हुआ कि कई विदेशी लोगों के घरों में पुलिस और एलआईयू को जानकारी दिए बगैर ही ठहरते हैं। जबकि नियम है कि मकान मालिक को स्थानीय थाने को जानकारी देनी होती है कि उनके घर पर कौन विदेशी ठहरा हुआ है। फ्रांसीसी महिला के मकान मालिक प्रदीप ने बताया कि उनकी किरायेदारी के संबंध में उन्होेंने अमरा अखरी पुलिस चौकी पर जानकारी दे रखी थी। रिजॉर्ट का पंजीकरण है या नहीं, इस संबंध में भी प्रदीप कुछ खास नहीं बता सके। रोहनिया थानाध्यक्ष का कहना था कि उन्हें यहां का प्रभार संभाले दो महीने हुए हैं और उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। मगर, एलआईयू और थाने पर जानकारी जरूर रही होगी। उधर, एसएसपी ने कहा कि अमूमन मकान मालिक नजदीकी थाने पर जानकारी दे देते हैं और एलआईयू को भी जानकारी होती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें