वाराणसी। टेंगरा मोड़ से मंगलवार को राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) की टीम ने एक कंटेनर से 350 किलोग्राम गांजा बरामद किया। कंटेनर के साथ मोहम्मद अरमान, अकरम और राजा खान को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया गया।
डीआरआई की वाराणसी इकाई के सीनियर इंटेलिजेंस आफीसर आनंद राय ने बताया कि सूचना मिली थी कि ओडिशा-आंध्र प्रदेश की सीमा से कंटेनर से गांजा की बड़ी खेप मुरादाबाद ले जाई जा रही है। सूचना को विकसित कर टेंगरा मोड़ पर घेरेबंदी कर कंटेनर को पकड़ा गया। मोहम्मद अरमान के तार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गांजा तस्करों से जुड़े बताए गए हैं। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों के अन्य करीबियों की धरपकड़ में डीआरआई की टीम जुटी हुई है।