वाराणसी। संगीत के क्षेत्र से जुड़े पूर्व आचार्यों की स्मृति में होने वाले पूर्वाचार्य स्मृति संगीत समारोह की शुरूआत बुधवार से होगी। बीएचयू के संगीत एवं मंचकला संकाय में होने वाले चार दिवसीय समारोह में गायन, वादन, नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। संकाय प्रमुख प्रो. राजेश शाह, संयोजिका डॉ. सुप्रिया शाह और सह संयोजक डॉ. रामशंकर ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
संकाय के पंडित ओंकारनाथ ठाकुर सभागार में हर दिन दोपहर 12.30 बजे से होने वाले संगीत समारोह में शिक्षकों के साथ ही छात्र-छात्राएं भी प्रस्तुति देंगे। पहले दिन डॉ. केए चंचल द्वारा प्रार्थना से कार्यक्रम की शुरूआत होगी। इसके बाद डॉ. मधुमिता भट्टाचार्या, डॉ. ज्ञानेश चंद्र पांडेय, प्रो. के शशि कुमार का गायन, राकेश कुमार बांसुरी, डॉ. संजय वर्मा द्वारा गिटार वीणा और डॉ. श्वेता चौधरी कथक प्रस्तुत करेंगी। बताया कि हर दिन अलग-अलग कलाकारों द्वारा गायन, वादन, नृत्य की प्रस्तुतियां की जाएंगी। बताया कि इसमें युवा कलाकारों को संगीत विद्या से जुड़ी बारीकियों को भी जानने का मौका मिलेगा।