वाराणसी। मिट्टी और कपड़ों के प्रयोग से कमल के फूल पर शंख की आकृति, पुआल और लकड़ी के इस्तेमाल से नाव और रंग बिरंगे कागजों के प्रयोग से बने आकर्षक झालर। बीएचयू दृश्य कला संकाय परिसर में 14 मार्च से 16 मार्च तक चलने वाले वाले कला मेले में इस तरह की कई कलाकृतियां देखने के मिलेंगी।
संकाय परिसर में कला मेले को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसमें संकाय के प्रवेश द्वार से अंदर तक छात्र-छात्रा रंग बिरंगे कागज से बने झालरों, कपड़ों की मदद से आकर्षक सजावट कर रहे हैं। संकाय प्रमुख प्रो. दिप्ती प्रकाश मोहंती के निर्देशन में लगने वाले कला मेला के समन्वयक अमरेश कुमार, उपसमन्वयक डॉ. मनीष अरोरा ने बताया कि इसमें टेराकोटा, पॉटरी, सिरामिक, टेक्सटाइल डिजाइन, मूर्तिकला, चित्रकला, क्राफ्ट, ग्राफिक डिजाइन, फोटोग्राफी, नवप्रवर्तन पर आधारित कलाकृतियाें का प्रदर्शन होगा।
इसमें संकाय के शिक्षकों की ओर से पॉंड किनारे भी कला का प्रदर्शन किया जाएगा। बताया कि अहिवासी कला वीथिका, महामना कला वीथिका में भी पेंटिंग, फोटोग्राफी, मूर्तिकला, पॉटरी सिरामिक, प्रिंट मेकिंग आदि की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। बताया कि मेले के लिए गठित समन्वय समिति में प्रो. हीरालाल प्रजापति, प्रो. मदन लाल, प्रो. अंजन चक्रवर्ती को शामिल किया गया है।