वाराणसी। बीएचयू में चल रहे पांच दिवसीय अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन के दूसरे दिन छात्रों ने झांकियों के माध्यम से शौर्य और शांति का संदेश दिया। छात्रों ने झांकियों से शहीद जवानों को याद करते हुए आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने की मांग की और गौतम बुद्ध व सम्राट अशोक द्वारा बौद्ध धर्म के महत्व और शांति को भी दर्शाया।
शनिवार को विभिन्न संकायों, संबद्ध कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां निकाली। ढोल-नगाड़े के बीच नाचते-गाते छात्र एंफीथिएटर मैदान पहुंचे और यहां कला के प्रदर्शन से सभी का ध्यान न केवल अपनी ओर खींचा बल्कि युवा महोत्सव में जीत की दावेदारी भी रखी।
एंफीथिएटर ग्राउंड पर झांकी निकलने से पहले सभी टीमों के प्रतिभागी विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित जगह पर पहुंचे और पूर्वाभ्यास किया। झांकियों के माध्यम से आतंकवाद खत्म करने, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति की रक्षा, कृषि विकास का संदेश भी दिया। अलग-अलग टीमों के प्रतिभागी पंडाल में पहुंचे और यहां अपनी-अपनी थीम पर आधारित कला का प्रदर्शन किया।
कला संकाय ने जहां अनेकता में एकता का परिचय देते हुए अलग-अलग राज्यों की संस्कृति को दर्शाया तो डीएवीपीजी कॉलेज की टीम ने पुलवामा हमले में शहीद जवानों को याद करते हुए आतंकवाद का मुंहतोड़ जवाब देने की मांग उठाई। कृषि विज्ञान संस्थान ने कृषि विकास, आर्य महिला पीजी कॉलेज की टीम ने गौतम बुद्ध और सम्राट अशोक द्वारा बौद्ध धर्म के महत्व को दर्शाया।
एंफीथिएटर मैदान में युवा महोत्सव का उद्घाटन पद्मश्री प्रो. राजेश्वर आचार्य और कुलसचिव डॉ. नीरज त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन कर से किया। प्रो. आचार्य ने युवाओं को देश और समाज के प्रति जिम्मेदारियों का सजगता पूर्वक निर्वहन करते रहने के आह्वान के साथ ही महामना के दिखाए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम संयोजक प्रो. जेके रॉय और धन्यवाद ज्ञापन छात्र अधिष्ठाता प्रो. एमके सिंह ने दिया। इस दौरान संबद्ध कॉलेजों के साथ ही विश्वविद्यालय के संकायों के शिक्षक और छात्र-छात्रा मौजूद रहे।
केएन उडप्पा में आयोजित मिमिक्री में 13 प्रतिभागियों ने फिल्म अभिनेताओं की आवाज में मिमिक्री की। इसमें अमिताभ बच्चन, नाना पाटेकर, सनी देओल की आवाज निकालकर सभी को गुदगुदाया। इसके अलावा स्वतंत्रता भवन में टर्न कोट में प्रतिभागियों ने गंगा निर्मलीकरण, भ्रष्टाचार सहित अन्य सामाजिक मुद्दों पर अपने विचार रखे।