वाराणसी। रेलवे की ग्रुप डी भर्ती परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देने के प्रयास के आरोप में दो आरोपियों को मंडुवाडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की शिनाख्त पटना निवासी ओमप्रकाश और चंदन कुमार के तौर पर हुई है। मुकदमा दर्ज कर दोनों को मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
चितईपुर स्थित श्री सिद्धेश्वर शिव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्निकल एजुकेशन सेंटर पर सोमवार को रेलवे की ग्रुप डी की परीक्षा आयोजित थी। संस्थान के संचालक रोहनिया के मिसिरपुर निवासी ओम नारायण दुबे ने बताया कि परीक्षा के दौरान टीसीएस कंपनी के कर्मचारी प्रवेश पत्र चेक करना शुरू किए। चेकिंग के दौरान पता लगा कि पटना निवासी विकास कुमार के स्थान पर ओमप्रकाश और रंजन कुमार की जगह चंदन कुमार फर्जी तरीके से परीक्षा हाल में प्रवेश करने की कोशिश में थे। थानाध्यक्ष मंडुवाडीह संजय त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।