वाराणसी। शहर की सड़कों और चौराहों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए गुरुवार से अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए पुलिस, प्रशासन, नगर निगम, विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम गठित की गई है, जिसका नोडल अधिकारी एडीएम सिटी वीरेंद्र पांडेय और एसपी सिटी दिनेश सिंह को बनाया गया है। बुधवार की शाम दोनों अफसरों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रणनीति तय की।
एडीएम सिटी के अनुसार पहले दिन गोदौलिया चौराहा, रामापुरा चौराहा और बेनिया तिराहे पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा। बुधवार को देर शाम इन इलाकों को लाउडस्पीकर के माध्यम लोगों को अभियान की जानकारी दी गई। साथ ही चेतावनी दी गई कि स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा उनसे खर्च की धनराशि वसूल की जाएगी। एडीएम सिटी ने बताया कि अतिक्रमण हटा कर शहर की जनता को जाम से राहत दिलाना प्राथमिकता है। अतिक्रमण करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।