वाराणसी। निकाय चुनाव में अति संवेदनशील चिह्नित 44 मतदान केंद्रों की निगरानी ड्रोन कैमरों के जरिए की जाएगी। दो ड्रोन कैमरों के अलावा इन केंद्रों पर पुलिस-पीएसी के साथ सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स की भी तैनाती की जाएगी। सौ बूथों की वीडियो रिकार्डिंग कराई जाएगी और 72 बूथ पर वेब कास्टिंग की सुविधा रहेगी। नगर निगम, रामनगर और गंगापुर स्थित मतदान केंद्रों को मिलाकर कुल आठ हजार से अधिक जवान चुनाव ड्यूटी में तैनात होंगे। शुक्रवार को पुलिस लाइन में चुनाव ड्यूटी की ब्रीफिंग डीएम और एसएसपी करेंगे। साथ ही, सुरक्षा कर्मियों को ड्यूटी कार्ड वितरित किया जाएगा। शनिवार को पोलिंग पार्टियों के साथ फोर्स की भी रवानगी होगी।
एसपी (ग्रामीण) अमित कुमार ने बताया कि सभी थानाध्यक्ष को अतिरिक्त तीन-तीन क्यूआरटी दी गई है। सभी थानेदार अपने क्षेत्र में मतदान शुरू होने से खत्म होने तक भ्रमणशील रहेंगे। नगर क्षेत्र में 10 सब इंस्पेक्टर, 40 कांस्टेबल और एक प्लाटून सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स को रिजर्व में रखा गया है। वहीं, रामनगर और गंगापुर में पांच-पांच सब इंस्पेक्टर और 20-20 कांस्टेबल के साथ एक-एक प्लाटून सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स को रिजर्व में रखा गया है। चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सात डिप्टी एसपी, 11 इंस्पेक्टर, 650 सब इंस्पेक्टर, 850 हेड कांस्टेबल, 2600 कांस्टेबल, 3000 होमगार्ड, 350 चौकीदार, पांच कंपनी व एक प्लाटून पीएसी और दो कंपनी सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स को लगाया गया है। महिला मतदाताओं की सहूलियत के लिए सभी 291 मतदान केंद्रों पर एक-एक महिला कांस्टेबल/होमगार्ड की भी ड्यूटी लगाई गई है।