वाराणसी/चोलापुर/रोहनिया। जिले की पुलिस को चोरों की चुनौती जारी है। इसी कड़ी में शनिवार की रात चोरों ने आदमपुर थाना क्षेत्र निवासी बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पांडेय के घर को निशाना बनाया। इसके साथ ही चोलापुर क्षेत्र में कई स्थानों पर और रोहनिया क्षेत्र व शिवपुर क्षेत्र में दो मकान को चोरों ने निशाना बनाया। रविवार की सुबह भुक्तभोगियों की सूचना पर पहुंची इलाकाई थाने की पुलिस महज मौका मुआयना तक ही सीमित रही।
आदमपुर थाना अंतर्गत राजघाट क्षेत्र स्थित घसियारी टोला निवासी बनारस बार अध्यक्ष अनिल पांडेय अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए मुंबई गए हुए हैं। रविवार की सुबह पड़ोसियों ने देखा कि अनिल पांडेय की छत की ग्लास पट्टी खुली हुई है तो उन्हें फोन कर जानकारी दी। अनिल पांडेय ने अपने रिश्तेदार को भेजा तो डॉग स्क्वॉड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। बताया गया कि 50 हजार रुपये और तकरीबन एक लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर चोर चुरा ले गए है। इंस्पेक्टर आदमपुर ने बताया कि अधिवक्ता के वापस आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, चोलापुर थाना अंतर्गत अल्लोपुर और भोहर निवासी गनेशू व कमला के घर के सामने बंधी बकरियां चोर चुरा ले गए। चमरहा बाजार स्थित नंदलाल सेठ की आभूषण की दुकान के शटर के ऊपरी हिस्से को तोड़कर घुसे चोर ढाई लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवरात चुरा ले गए। भोपापुर निवासी सब्जी विक्रेता विजय शंकर पटेल के घर में छत के रास्ते घुसे चोर 26 हजार रुपये और दो मोबाइल चुरा ले गए। वहीं, रोहनिया थाना अंतर्गत पंडितपुर निवासी कल्लू पटेल के घर घुसे चोर पंद्रह सौ रुपये नगद और 50 हजार रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए। घर में घुसने से पहले चोरों ने तार काट कर बिजली आपूर्ति बाधित कर दी थी। इसी तरह शिवपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर निवासी रेलवे के गार्ड दीनानाथ गुप्ता के बंद पड़े मकान में चोर घुसे और दो लाख रुपये नगद सहित तीन लाख रुपये से ज्यादा कीमत के जेवर चुरा ले गए।