वाराणसी। बारहवीं गणित के विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने का मौका देने के उद्देश्य से अमर उजाला और आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज, गाजियाबाद की ओर से चल रही सुपर स्टूडेंट प्रतियोगिता शनिवार को कमच्छा स्थित सेंट्रल हिंदू स्कूल (सीएचएस, ब्वॉयज) में हुई। इस दौरान परीक्षार्थियों में ‘सुपर स्टूडेंट’ बनने के लिए गजब का उत्साह दिखा। सब एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में लगे रहे।
‘सुपर स्टूडेंट’ परीक्षा आगे चलकर मैथ ओलंपियाड और राष्ट्रीय प्रतिभा खोज जैसी अन्य प्रतिस्पर्धाओं में शामिल होने में विद्यार्थियों के लिए सहायक सिद्ध होगी। विद्यालय के गणित के शिक्षक रविशंकर मिश्रा और आशुतोष प्रजापति के निर्देशन में परीक्षा हुई, जिसमें एनसीईआरटी, सैट, जेईई, यूपी बोर्ड से संबंधित पाठ्यक्रमों के मैथ्स के सवाल प्रतिभागियों ने हल किए। फाइनल में पहुंचने वाले टॉप फाइव प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट के साथ एक लाख रुपये का नगद पुरस्कार दिया जाएगा। आईएमएस इंजीनियरिंग कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. श्रवण मुखर्जी ने बताया कि विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को गणित विषय पर सबसे ज्यादा ध्यान देना चाहिए। परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक विद्यार्थी मोबाइल नंबर 9266101155 पर मिस्ड कॉल देकर पंजीकरण करा सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9839933379 पर सुबह 11 से शाम 7 बजे तक संपर्क किया जा सकता है। सोमवार को स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल गढ़वाघाट में परीक्षा कराई जाएगी।
इस तरह की परीक्षाओं से विद्यार्थियों को स्वमूल्यांकन का अवसर मिलता है। इसके साथ ही, आने वाले दिनों में होने वाली परीक्षाओं की तैयारी के मद्देनजर कमियां भी पता चलती हैं। - डॉ. नीरू वहाल, प्राचार्य, सीएचएस ब्वॉयज