वाराणसी। डालिम्स सनबीम स्कूल रामकटोरा के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने शनिवार की शाम नृत्य-संगीत की मनोहारी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। अलग-अलग वाद्य यंत्रों की धुन पर मासूम कदमों की थिरकन यादगार बन गई। मौका था नागरी नाटक मंडली में स्कूल के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘रिगैलिया 2017’ के आगाज का। वार्षिकोत्सव में प्लेग्रुप, एलकेजी और यूकेजी के बच्चों ने बटरफ्लाई डांस पेश कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘लिटिल रेड राइडिंग हुड’ की प्रसिद्ध परियों की कहानी पर आधारित ‘रेड राइडिंग हुड’ डांस रहा। नृत्य नाटिका के जरिये बच्चों ने परी की इस कहानी को खूबसूरती के साथ मंचित किया। ऐसे ही ‘सिंड्रेला’ की कहानी को नृत्य में पिरोकर खूबसूरत प्रस्तुति दी। एलकेजी और यूकेजी के बच्चाें ने हिप हॉप डांस, मिक्की माउस डांस पेश किया।
इससे पहले डालिम्स सनबीम समूह के अध्यक्ष प्रदीप मधोक ‘बाबा’, निदेशिका पूजा मधोक व उप निदेशक माहिर मधोक ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रदीप मधोक ‘बाबा’ ने कहा कि निरंतर परिश्रम व सही दिशा में किया गया कार्य ही सफलता की ओर ले जाता है। निदेशिका पूजा मधोक ने कहा बच्चों को उड़ने के लिए खुला आकाश देना चाहिए। अभिभावक उन्हें उनकी मर्जी से आगे बढ़ने का पूरा मौका दें।
स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रधानाचार्या इप्शिता बनर्जी, एलकेजी की छात्रा रितिका रत्न और कक्षा तीन की छात्रा समृद्धि देबोनाथ ने प्रस्तुत की। संचालन कृतिका, आराध्या, सृष्टि, अथर्व, सौम्या, विभु, अनुष्का आदि ने किया। धन्यवाद ज्ञापन एकेडमिक हेड रश्मि मोहन ने किया। इस अवसर पर डालिम्स रोहनिया के प्रधानाचार्य वीके मिश्र, सिगरा के प्रधानाचार्य एके गौर समेत अन्य शाखाओं के प्रधानाचार्य व अध्यापक मौजूद रहे।