दिलदारनगर (गाजीपुर)। दानापुर रेलखंड के भदौरा और गहमर रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार को डाउन रेल पटरी में अचानक खराबी आने से कई ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। इसके चलते डाउन लाइन का परिचालन 40 मिनट तक बाधित रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशान उठानी पड़ी। कंट्रोल की सूचना पर मौके पर पहुंचे रेलपथ विभाग के कर्मचारियों ने पटरी का निरीक्षण किया। इसके बाद परिचालन सामान्य हो गया।
रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को लगभग दो बजे दिन में डाउन लाइन में समर स्पेशल ट्रेन भदौरा और गहमर के बीच से गुजर रही थी की अचानक ड्राइवर को रेल पटरी में जर्क महसूस हुआ। ट्रेन के चालक ने अपनी वॉकी टाकी से चौसा स्टेशन मास्टर तथा दानापुर रेल कंट्रोल को सूचित किया। कंट्रोल की सूचना पर मौके पर पहुंचे रेल कर्मचारियों ने तत्काल रेल पटरी का निरीक्षण किया लेकिन उस स्थान पर कोई जर्क नहीं मिला। इसके चलते डाउन भदौरा में मालगाड़ी, जमानिया में हरिद्वार हावड़ा एक्सप्रेस, धीना में पैसेंजर ट्रेन तथा दिलदारनगर में ब्रम्हपुत्र मेल खड़ी रही। इससे यात्रियों को काफी परेशान उठानी पड़ रही है। इस संबंध में गहमर के रेलपथ निरीक्षक विद्युत्त शंकर ने बताया कि चेक करने पर कोई जर्क नहीं मिला। इसके बावजूद ट्रेन खड़ी होने के कारण 40 मिनट तक परिचालन बाधित रहा।