सिगरा एनसीओई में चार खेलों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। तीन खेलों कुश्ती, तलवारबाजी और निशानेबाजी में खिलाड़ियों का प्रवेश तीन दिवसीय चयन ट्रायल से हुआ जबकि मुक्केबाजी में खिलाड़ियों का चयन दिल्ली से हुआ। मुक्केबाजी में 38 खिलाड़ियों का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण की 21 सदस्यीय टैलेंट आइडेंटिफिकेशन कमेटी ने किया है। मुक्केबाजी में कुल 40 सीटें हैं इसमें सिर्फ दो सीटें फिलहाल खाली हैं।
भारतीय खेल प्राधिकरण की ओर से सिगरा स्टेडियम में नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का संचालन किया जा रहा है। इसमें प्रवेश के लिए शुरुआती चरण में साई की 21 सदस्यीय टैलेंट आइडेंटिफिकेशन कमेटी राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्णिम प्रदर्शन कर चुके खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट कर चयनित करने का काम करती है। मुक्केबाजी के 38 खिलाड़ियों में से 17 खिलाड़ियों ने प्रवेश ले लिया है। इसमें 10 पुरुष और 7 महिला शामिल हैं। कुल 40 सीटों में 20 महिला और 20 पुरुष खिलाड़ियों के लिए है। कुश्ती में 12 बालिका खिलाड़ी शॉर्टलिस्टेड एनसीओई सिगरा में कुश्ती प्रशिक्षण के लिए 12 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्टेड कर लिया गया है। एनसीओई प्रभारी सुभांशु द्विवेदी ने बताया कि बालिका वर्ग के खिलाड़ियों की सूची शॉर्टलिस्ट कर ली गई है। 15 अगस्त से पहले कुश्ती समेत अन्य खेलों में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। अगस्त के तीसरे सप्ताह तक एनसीओई सिगरा के चारों खेलों में खिलाड़ियों की प्रवेश पूरा हो जाएगा।