नेशनल मेडिकोज ऑर्गनाइजेशन (एनएमओ) की ओर से शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक 77 जगहों पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में 320 डॉक्टरों ने 6000 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें कंसल्टेंट, रेजिडेंट डॉक्टर के साथ ही मेडिकल छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की।
एनएमओ की ओर से लगाए गए शिविर में डाॅ. अतुल सिंह ने लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद स्मारक में 60 मरीजों को देखा। इस दौरान लोगों को गर्मी में पेट संबंधी बीमारी सहित अन्य समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूक किया। एनएमओ अखिल भारतीय टोली के सदस्य और आईएमएस बीएचयू ईएनटी डिपार्टमेंट के प्रो. विश्वंभर सिंह के देखरेख में आयोजित शिविर का शुभारंभ आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने किया। प्रो. विश्वंभर ने बताया कि एनएमओ इकाइयों की ओर से सेवा भारती के सहयोग से वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों काशी उत्तर, मध्य और काशी दक्षिण में कुल 77 निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान शिविर में कुछ ऐसे मरीज मिले, जिनको आगे की जांच के लिए बीएचयू सर सुंदरलाल अस्पताल बुलाया गया। इस दौरान डॉ. आरएन चौरसिया, डॉ. एसके तिवारी, डॉ. ममता मौजूद रहीं।