वाराणसी। रत्नाकर पार्क में वीडीए की ओर से बनाई गई 66 दुकानों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके उपरांत उसे आम जनता को दोबारा आवंटित किया जाएगा। उक्त दिशा निर्देश नगर आयुक्त ने शुक्रवार की दोपहर रत्नाकर पार्क का निरीक्षण करने के दौरान दिए। उन्होंने राजस्व व इंजीनियरिंग विभाग को इसके लिए प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया कि दुकानों का जीर्णोद्धार करने के बाद उसे नीलाम करने या किराये पर देने पर विचार किया जाएगा। ऐसा करने से नगर निगम की आय में बढ़ोतरी होगी। वहीं लोगों को सुविधाएं और रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह काम जल्दी कराना है ताकि गोदौलिया तांगा स्टैंड को खाली कराकर वहां पर मल्टी स्टोरी पार्किंग का निर्माण शुरू किया जा सके। नगर आयुक्त ने बताया कि गोदौलिया तांगा स्टैंड के पास से विस्थापित दुकानदारों को अस्थाई तौर पर रत्नाकर पार्क की दुकानों में शिफ्ट किया जाएगा। मल्टी स्टोरी पार्किंग बनने के बाद फिर से दुकान आवंटन की प्रक्रिया होगी।
अतिक्रमण, गंदगी व पॉलिथीन के खिलाफ चल रहे अभियान में कइयों का चालान करके जुर्माना वसूला गया। वरुणापार जोनल अधिकारी पीके द्विवेदी के नेतृत्व में 12 दुकानों से चार किलो पॉलिथीन और 400 गिलास जब्त किया गया। 2250 रुपये जुर्माना वसूलते हुए नदेसर के 10 दुकानदारों का चालान किया गया। दशाश्वमेध जोनल अधिकारी के नेतृत्व में पांच लोगों का चालान करके 1100 रुपये जुर्माना बसूला गया। भेलूपुर जोन में 2400 रुपये जुर्माना वसूल हुआ।