वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के अंतर्गत मंडल के वाराणसी सिटी-औड़िहार रेल खंड पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 110 यात्रियों को बिना टिकट, अनियमित टिकट व बिना बुक किए गए सामान के साथ पकड़ा गया। इनसे जुर्माने के रूप में 50825 रुपये वसूले गए। वहीं, 30 यात्रियों को जुर्माना न भरने पर न्यायालय भेज दिया गया।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक टिकट जांच जंग बहादुर के नेतृत्व में सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक वाराणसी सिटी-औड़िहार के मध्य चलने वाली सभी मेल, एक्सप्रेस व सवारी गाड़ियों को उक्त स्टेशनों के मध्य पड़ने वाले स्टेशनों पर रोक कर की गई। जांच दल में मुख्य चल टिकट निरीक्षक एके मुखर्जी समेत 11 टिकट जांच कर्मचारी व तीन महिला टिकट निरीक्षक समेत रेलवे सुरक्षा बल निरीक्षक तथा आठ रेलवे सुरक्षा बल के जवान शामिल रहे। इस दौरान लखनऊ-छपरा एक्सप्रेस, गोरखपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस, कृषक एक्सप्रेस, वाराणसी सिटी-छपरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी सिटी-भटनी पैसेंजर, वाराणसी सिटी-शाहगंज पैसेंजर, वाराणसी सिटी-छपरा पैसेंजर, वाराणसी सिटी-बलिया पैसेंजर की जांच की गई।