वाराणसी। वाराणसी बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एसोसिएशन (क्रेडाई) के सदस्यों की ओर से एसोसिएशन के मलदहिया स्थित कार्यालय में पुलवामा में शहीद जवानों के लिए श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इसमें एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज डिडवानिया ने कहा- अब समय आ गया है कि आतंकवादियों के साथ ही आतंकवाद का समर्थन करने वाली शक्तियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हो।
महासचिव अनिल कुमार सिंह ने कहा कि पुलवामा की घटना कायरतापूर्ण और निंदनीय है। श्रद्धांजलि सभा में एसोसिएशन के संरक्षक सर्वेष अग्रवाल, अंबुज गुप्ता, चेयरमैन आरसी जैन, उपाध्यक्ष अभिनव पांडेय, रमन सिंह, कोषाध्यक्ष लोकेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। उधर, तेलियाबाग व्यापार मंडल के व्यापारियों की बैठक व्यापार मंडल के अध्यक्ष रमेश भारद्वाज की अध्यक्षता में हुई। इसमें पुलवामा की घटना की घोर निंदा की गई। तेलियाबाग चौराहे पर पाकिस्तान का सांकेतिक पुतला फूंका गया। इस दौरान प्यारे मोहन सिंह, सुरेश गुप्ता, ओम प्रकाश साहू, शेखर शर्मा, लप्पू जायसवाल, उमेश सिंह आदि शामिल रहे। इसी प्रकार मंडुवाडीह बाजार में किशन जायसवाल के नेतृत्व में शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए व्यापारियों ने कैंडिल मार्च निकाला।
काशी इलेक्ट्रिकल कांट्रैक्टर्स एंड डीलर्स एसोसिएशन की ओर सिगरा स्थित शहीद उद्यान में शहीद सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। घटना पर रोष जताते हुए आतंकवादियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई। अध्यक्षता विजय नारायण कपूर, संचालन कौशल कुमार तिवारी तथा धन्यवाद विजय अग्रवाल ने किया। सभा में श्याम मेहरोत्रा, सपन कुमार बोस, सतीश कुमार अग्रवाल, अरुण सिंह, संजय अग्रवाल, संजीव मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।
शहीदों को दी श्रद्धांजलि
दशाश्वमेध व्यापार मंडल और क्षेत्रीय नागरिकों की ओर से शनिवार की शाम चितरंजन पार्क में देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी गई। पुलवामा में हुए आतंकवादी हमले की सभी ने घोर निंदा की। कैंडिल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई व दो मिनट का मौन रखकर आत्मा शांति की भगवान से कामना की गई। कैंडिल मार्च डेढ़सी पुल, गोदौलिया, गिरजाघर होते हुए वापस चितरंजन पार्क पहुंचा। कैंडिल मार्च में लोग नारे लगा रहे थे-‘देश मांग रहा है शहादत का बदला’, ‘हमें तुम पर नाज है ’, ‘यह कुर्बानी याद रखेगा हिंदुस्तान’ ‘देश के वीर सपूतों अब इंतजार नहीं इंतकाम लीजिए’ ‘पाकिस्तान मुर्दाबाद पाकिस्तान मुर्दाबाद’। कार्यक्रम में अध्यक्ष दिलीप तुलसियानी, महामंत्री सुरेश तुलस्यान, अशोक जायसवाल, मनु जसवानी, विनय यादव, घनश्याम जायसवाल, वेद मूर्ति शास्त्री, रमेश तिवारी, सुशील जैन, प्रेम शकर सिंह, भगवान दास जाजानी, प्रभात जायसवाल, विजय द्विवेदी आदि शामिल रहे।