वाराणसी। आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले के दो लाख लोगों का पंजीकरण हो चुका है। अब इन्हें हर साल पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। इस योजना से बीएचयू समेत अन्य सरकारी अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों के साथ ही शहर के निजी अस्पतालों को भी जोड़ा जा रहा है ताकि लोगों को इलाज के लिए भटकना न पड़े। रविवार को झारखंड में प्रधानमंत्री की ओर से योजना का शुभारंभ करने के साथ ही बनारस में कमिश्नरी सभागार में इसका शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा किया जाएगा।
प्रधानमंत्री की ओर से शुरू की गई योजना के तहत लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड दिया जा रहा है। इससे लाभार्थी और उनका परिवार हर साल पांच लाख रुपये तक का नि:शुल्क इलाज करा सकेगा। बनारस में आठ ब्लॉकों में चले अभियान में 1.10 लाख और शहरी क्षेत्र से 90 हजार लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है। इनका पूरा ब्योरा भी पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है। इस योजना से मंडलीय अस्पताल, दीनदयाल अस्पताल, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल, जिला महिला अस्पताल सहित कई स्वास्थ्य केंद्रों को जोड़ा जा चुका है। इसके अलावा बीएचयू सर सुंदर लाल अस्पताल, भाभा कैंसर अस्पताल, ट्रामा सेंटर को भी जोड़ने की कवायद चल रही है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि पिछले दिनों आठ सितंबर को दीनदयाल अस्पताल में डीएम सुरेंद्र सिंह द्वारा पांच लाभार्थियों को कार्ड भी दिया जा चुका है। बाकी लाभार्थियों को भी कार्ड जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। बताया कि निजी चिकित्सालय एवं नर्सिंग होम के अभी तक 74 ऑनलाइन आवेदन वेब पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं। योजना में शामिल राजकीय एवं निजी नर्सिंग होम में एक-एक आरोग्य मित्र लाभार्थियों के सहयोग के लिए नियुक्त होंगे। आयुष्मान भारत योजना आगामी 25 सितंबर से पूरे भारत वर्ष में प्रारंभ हो जाएगी।