ज्ञानपुर/घोसिया। क्षेत्राधिकारी औराई और महाराजगंज के दरोगा के बीच चार दिन पहले हुए विवाद के मामले में एसपी एसपी सचिंद्र पटेल ने गंभीर रुख अपनाया है। शनिवार को उन्होंने दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया और सीओ को एसपी कार्यालय से संबद्ध कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी एएसपी को सौंपी है।
चार दिन पूर्व किसी बात को लेकर क्षेत्राधिकारी औराई पवन कुमार और महाराजगंज के एसआई डोलाराम गौतम के बीच कहासुनी हो गई थी। एसआई ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि सीओ ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। साथ ही ग्रामीणों के बीच बेवजह उसकी बेइज्जती की है। वहीं, सीओ ने इसका खंडन करते हुए एसआई पर अभद्रता करने का आरोप लगाया था। दोनों ने आरोप-प्रत्यारोप के बीच माननीयों से भी इसकी शिकायत की थी। इस मामले में महकमे की छीछालेदर होने पर एसपी ने फौरी तौर पर दोनों के खिलाफ कार्रवाई कर दी। शनिवार को एसपी ने सीओ को एसपी कार्यालय से संबद्ध कर करते हुए दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही जांच पूरी होने पर एसपी को रिपोर्ट सौंप देंगे।