21 लाख रुपये की जांच दोबारा शुरू, गड़बड़ी के संकेत
डीसी मनरेगा के नेतृत्व में जांच टीम पहुंची हरिहरपुर गांव
सीडीओ बोले, जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्यवाई
अमर उजाला ब्यूरो
सेवापुरी। विकास खंड क्षेत्र के हरिहरपुर ग्राम पंचायत के 21 लाख रुपये के गोलमाल के मामले की जांच सोमवार को दोबारा शुरू हो गई है। डीसी मनरेगा के नेतृत्व में टीम ने मौके की जांच की। फिलहाल जांच तीन दिनों तक चलेगी फिर भी गड़बड़ी के संकेत मिले हैं। पहली जांच में गड़बड़ी मिली थी। इसके बाद दोबारा जांच के लिए टीम गठित की गई थी।
गांव के भाजपा नेता राजेश कुमार मिश्रा ने सीडीओ सुनील कुमार वर्मा से शिकायत की थी कि ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी ने 21 लाख रुपये बैंक से निकाल कर गोलमाल कर दिए हैं। सीडीओ ने जिला विकास अधिकारी रमाकांत तिवारी को मौके पर भेजकर इस मामले की जांच करवाई तो गोलमाल का मामला सामने आया। ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी जांच अधिकारी को रुपये का हिसाब भी नहीं दे पाये थे। जिस पर जिला विकास अधिकारी ने एक सप्ताह के अंदर कागजात तलब किया था। जिला विकास अधिकारी की रिपोर्ट पर सीडीओ ने डीसी मनरेगा रामबाबू तिवारी व बीडीओ सेवापुरी सुरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में जांच टीम का गठन किया था। सोमवार को डीसी मनरेगा के नेतृत्व में टीम हरिहरपुर गांव पहुंचकर जांच शुरू की। शिकायतकर्ता के साथ ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत अधिकारी ने पूर्व के प्रधान द्वारा कराये गए कार्यों पर नए कार्यों का खर्च दिखाकर कागजी खानापूर्ति की। जांच अधिकारी डीसी मनरेगा रामबाबू तिवारी ने बताया कि जांच में गड़बड़ी के संकेत मिल रहे हैं। जांच तीन दिन चलेगी। कैश बुक के मिलान के बाद सब स्पष्ट हो जाएगा।
सुनील कुमार वर्मा, सीडीओ ने बताया कि हरिहरपुर के मामले को गंभीरता से लिया गया है। डीसी मनरेगा की रिपोर्ट आने के बाद कार्यवाई की जायेगी।