फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गृहमंत्री राजनाथ ने विश्वनाथ मंदिर में किया रुद्रहोम यज्ञ

विज्ञापन
विज्ञापन
वाराणसी। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को स्वर्ण शिखरों वाले बाबा विश्वनाथ के दरबार से लेकर काशी के कोतवाल काल भैरव तक हाजिरी लगाई। ढुंढिराज गणेश के बाद जगत की पालनहारिणी मां अन्नपूर्णा के चरणों में भी शीश नवाया और ग्रह निवारण के लिए शनिदेव मंदिर में दीप जलाए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की उन्नति और समाज की खुशहाली के लिए सिद्धपीठों में कामना की।
विज्ञापन

मान्यता है कि सर्वप्रथम गौरी गणेश का पूजन करने के बाद ही बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन करना चाहिए। गृहमंत्री ने वैदिक परंपरा के तहत पहले ढुंढ़िराज गणेश को दूर्वा अर्पित किया। इसके बाद गौरी स्वरूप माता अन्नपूर्णा मंदिर पहुंचे। फिर वह बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे। वहां विश्वनाथ मंदिर न्यास परिषद के अध्यक्ष आचार्य पं. अशोक द्विवेदी के आचार्यत्व में पंचोपचार पूजन के बाद बाबा का वैदिक मंत्रोच्चार से रुद्राभिषेक किया। इस दौरान सात वैदिक आचार्यों के सस्वर मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर गूंजता रहा। इसके बाद गृहमंत्री बाबा के यज्ञमंडप में पहुंचे। वहां न्यासाध्यक्ष ने रुद्रहोम यज्ञ कराया। गृहमंत्री ने सर्वबाधा निवारण की कामना से आहुति दी। न्यासाध्यक्ष ने उन्हें बाबा का प्रतीक चित्र और अंगवस्त्रम प्रसाद के रूप में भेंट किया। इसके बाद उन्होंने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव का तैलाभिषेक किया। यहां महंत नवीन गिरी की मौजूदगी में पुजारियों ने पूजन कराया। गृहमंत्री ने पहली बार एक साथ काशी के प्रमुख मंदिरों में हाजिरी लगाई। इससे पहले अन्नपूर्णा मंदिर में महंत रामेश्वरपुरी महाराज ने मां की आराधना के बाद उनको आशीर्वाद दिया। उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, वरिष्ठ पत्रकार रजत शर्मा, महामंडलेश्वर संतोष दास सतुआ बाबा, भाजपा के प्रदेश मंत्री शंकर गिरि के अलावा प्रशासनिक उच्चाधिकारी मौजूद थे। गृहमंत्री 1:12 बजे छत्ताद्वार से विश्वनाथ मंदिर पहुंचे और 3:28 बजे निकले। यहां से वह साहित्यकार मनु शर्मा के त्रयोदशाह के मौके पर श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने पहुंचे।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें