वाराणसी। बनारस के आसपास के जिले की बिजली आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए पावर कार्पोरेशन के 450 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को प्रदेश सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके तहत वाराणसी के चोलापुर में 132 केवी के उपकेंद्र का निर्माण कराने के साथ-साथ चंदौली में साहूपुरी उपकेंद्र की क्षमता बढ़ा कर 400 किलोवाट की जाएगी। गुरुवार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक अतुल निगम ने यह जानकारी दी।
निगम ने बताया कि दोनों उपकेंद्र बनने से आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली और जौनपुर सहित पूरे पूर्वांचल को लाभ होगा। फिलहाल, सारनाथ स्थित 400 केवी उपकेंद्र से बनारस को आपूर्ति की जाती है। साहूपुरी स्थित 220 केवी क्षमता वाले उपकेंद्र पर लोड काफी ज्यादा है। इसलिए इसकी क्षमता बढ़ाने का फैसला किया गया है। इसकी क्षमता 400 केवी होने पर बनारस, चंदौली और गाजीपुर समेत कई जिलों की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुधरेगी। यहां 500 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसका निर्माण जीआईएस तकनीक पर किया जाएगा, जिसमें कम भूमि की जरूरत होती है। इस पर 414.41 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, चोलापुर में 132 केवी का उपकेंद्र बनेगा। वर्तमान में चोलापुर क्षेत्र को सारनाथ उपकेंद्र से आपूर्ति की जाती है। यहां 40 एमवीए की क्षमता के दो ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके निर्माण पर 23.08 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।