दुलहीपुर। डीएम हेमंत कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों और मुगलसराय विधायक साधना सिंह व भाजपा नेताओं के साथ गुरुवार को गंगा के तटवर्ती इलाकों में भ्रमण कर लोगों की समस्याएं जानी। इस दौरान गंगा कटान की स्थिति को देखा और जन चौपाल लगाकर लोगों को शासन की योजनाएं समझाई। कुंडा खूर्द गांव में जन चौपाल लगाकर गंगा स्वच्छता अभियान के तहत बने शौचालयों की स्थिति को देखा और स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया।
बारिश में दुलहीपुर के गंगा के तटवर्ती इलाकों में गंगा कटान की समस्या विकराल हो जाती है। यही नहीं कुंडा पंप कैनाल की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं है। इसको देखते हुए शाम तीन बजे डीएम हेमंत कुमार, मुख्य विकास अधिकारी श्रीकृष्ण त्रिपाठी, एसडीएम मुगलसराय सत्येन्द्र सिंह, डीपीआरओ अनिल कुमार, बीडीओ विजय कुमार, विधायक साधना सिंह आदि की टीम सबसे पहले कुंडा पंप कैनाल पहुंचे और निरीक्षण किया। यहां भी गंगा कटान की समस्या सामने आई। लोगों ने बताया कि गंगा कटान नहीं रुकी तो पंप कैनाल भी गंगा में समा सकता है। इस पर डीएम ने लघुडाल के एक्सईएन सिद्धार्थ कुमार से बात की। एक्सईएन ने बताया कि गंगा कटान रोकने का काम हमारे विभाग का काम नहीं है। यहां गंगा कटान रोकने के लिए तीस करोड़ की कार्य योजना बनाकर पटना बंधी डिविजन को भेजा गया था लेकिन इस अस्वीकार कर दिया गया। फिर से योजना तैयार की जा रही है। बताया कि पंप पूरी तरह सुरक्षित है। वहीं किसानों ने पंप कैनाल से निकले मवई कला नहर में पानी न जाने की शिकायत की। बताया कि गंगा कटान की वजह से नहर गंगा में समा चुका है। एक्सईएन ने बताया कि इसके लिए धन नहीं मिला है। गंगा कटान की समस्या पर सीडीओ ने बताया कि गंगा कटान रोकने के लिए गंगा में जगह जगह पीलर बनाकर धारा मोड़ने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद प्रशासनिक टीम कुंडा खुर्द गांव में पहुंची और जनचौपाल लगाई गई। यहां डीएम और साधना सिंह ने ओडीएफ गांव बनाने पर जोर दिया। कहा कि खुले में शौच बीमारियों की जड़ है। कहा कि इसे रोकना है। बताया गया कि गांव में 225 शौचालय बन चुके हैं। डीएम ने इसका निरीक्षण भी किया। कहा कि 153 और प्रस्तावित हैं। यदि जरूरत पड़ी तो 160 और शौचालय बनाया जाएगा।