फंदे पर लटकता मिला विवाहिता का शव
पति, सास, ससुर सहित पांच के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के धुस्का गांव में गुरुवार की सुबह एक विवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति, सास, ससुर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
चंदौली जनपद के सैयदराजा थाना के नरहन गांव निवासी अनीता सिंह (25) की शादी 6 मई 2013 को क्षेत्र के धुस्का गांव निवासी बब्बन सिंह के पुत्र दीपक सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चलता रहा। मृतका अनीता के भाई अवधेश सिंह ने बताया कि शादी के कुछ दिन बाद से ही उसकी बहन को प्रताड़ित किया जाने लगा। ससुराल वाले 10 लाख रुपये और गाड़ी की मांग कर रहे थे। इसे लेकर कई बार पंचायत बुलाकर समझौता हुआ। इसके बाद भी परिवार के लोग मारते-पीटते रहे। सुबह परिवार के लोगों ने विवाहिता के मायके वालों को मौत की सूचना दी। सूचना पाकर परिवार के लोग धुस्का पहुंच गए। बताया कि जब वहा पहुंचे तो दाह संस्कार करने की फिराक में थे। जब लड़की के मायके वालों ने विरोध किया तो लड़का एवं उसके परिजन वहां से खिसक लिए। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में ले लिया। इस मामले में मृतका के भाई ने पति दीपक सिंह, उसके पिता बब्बन सिंह, माता चंदमुनी देवी, दो बहनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल धरमवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जाएगी।