मिर्जापुर। प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 6.20 करोड़ रुपये से अधिक लागत से जिले के 27 राजकीय तथा अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों का विकास किया जाएगा। रविवार को एएस जुबली इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान गोरखपुर में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत आयोजित मुख्यमंत्री में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में राजकीय तथा अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रोजेक्ट अलंकार के तहत स्वीकृत कार्यों का शिलान्यास किया। जिसका सजीव प्रसारण एएस जुबली इंटर काॅलेज में किया गया। इस दौरान सीडीओ विशाल कुमार ने जनप्रतिनिधियों को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभर विधायक नगर रत्नाकर मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रतिनिधि अपना दल एस के जिलाध्यक्ष इं. राम लौटन बिंद ने दीप जलाकर किया। विधायक ने कहा कि व्यक्ति यदि शिक्षित रहेगा तो जनपद, प्रदेश, देश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी अमूल्य धरोहर है, जिसके माध्यम से दुनिया के किसी भी देश में जाकर अपनी बात रखने का काम कर सकते हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया तथा सीडीओ ने योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान डीआईओएस अमरनाथ सिंह, उपायुक्त एनआरएलएम अनय मिश्रा, डीडीओ श्रवण कुमार राय आदि मौजूद रहे।