बजट के अभाव में 2448 अल्पसंख्यक छात्रों को नहीं मिली छात्रवृत्ति
विज्ञापन
7958 में से 5510 छात्रों को मिला लाभ, तीन करोड़ की धनराशि दी गई संवाद न्यूज एजेंसी वाराणसी। वित्तीय वर्ष 2022-23 में अल्पसंख्यक विभाग की ओर से 2448 छात्र-छात्राओं को बजट के अभाव में छात्रवृत्ति नहीं मिल पाई। 5510 छात्र-छात्राओं को तीन करोड़ 11 लाख 45 हजार की छात्रवृत्ति दी गई। पिछले वित्तीय वर्ष में 5539 छात्रों को छात्रवृत्ति का लाभ मिला था। जिले के 7958 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया। जांच के बाद शासन ने स्वीकृति दी, लेकिन बजट उपलब्ध न होने पर 2448 विद्यार्थी वंचित रह गए। 5510 छात्र-छात्राओं में कक्षा 9 और 10 के 2261 आवेदन में 1458 को ही लाभ मिल पाया। इन लाभर्थियों को 41 लाख 400 रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। ऐसे ही कक्षा 11 और 12 के 5697 आवेदनों में से 4052 को ही लाभ मिल पाया। इन्हें दो करोड़ 70 लाख 45 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। पिछले वित्तीय वर्ष में कक्षा 9 और 10 के 1677 तथा कक्षा 11 और 12 के 3862 छात्र-छात्राओं को विभाग ने छात्रवृत्ति दी थी।
अनुसूचित जाति व जनजाति के छात्र पुन: करें आवेदन अनुसूचित जाति व जनजाति श्रेणी के दशमोत्तर कक्षा के वह छात्र जिनके आवेदन लंबित हैं, फिर से आवेदन कर सकते हैं। समाज कल्याण विभाग इन्हें छात्रवृत्ति देगा। 17 से 19 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन भरा जाएगा। 20 अप्रैल से एक मई तक सत्यापन होगा। तीन से दस मई तक गलती सुधारने का मौका मिलेगा। 13 मई तक छात्रों को आवेदन पूरा कर विद्यालय में जमा करना होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी जीआर प्रजापति ने बताया कि यह अंतिम मौका है। इसके बाद कोई मौका नहीं मिलेगा।