काशी में 24 घंटे वर्कआउट की सुविधा वाले पहले जिम की शुरुआत रविवार से हो गई। लंका चौराहे के स्वास्तिक प्लाजा की तीसरी मंजिल पर खुले ‘दि नेक्स्ट जेनरेशन बॉब्स जिम’ में अत्याधुनिक मशीनें और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अमेरिका, ताइवान, चीन, सिंगापुर आदि देशों से वर्कआउट के अत्याधुनिक उपकरण मंगाए गए हैं। इस पूर्णतया वातानुकूलित जिम में प्रोफेशनल बॉक्सिंग रिंग भी स्थापित है।
योग, डांस क्लासेज के अलावा महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग और मेडिटेशन की सुविधाएं भी यहां मुहैया होंगी। काशीवासी 24 घंटे इन सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे। ‘दि नेक्स्ट जेनरेशन बॉब्स जिम’ के उद्घाटन के मौके पर बतौर मुख्य अतिथि अमितांशु पाठक, रत्नेश सिंह, खालिद अंसारी, अमित पांडेय, शाहिद कबीर, राजू कपूर, सोमनाथ सराफ, नासिर अंसारी, मो. आरिफ अंसारी, राजीव खन्ना और किरन खन्ना मौजूद थे। ये शहर के वो लोग हैं, जिन्होंने 11 सितंबर 1995 को सिगरा में खुले प्रथम बॉब्स जिम की सर्वप्रथम सदस्यता प्राप्त की थी।
समारोह का उद्घाटन और अतिथियों का स्वागत ‘वर्ल्ड स्ट्रांगमैन’ तथा एशिया बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन के अध्यक्ष, बॉब्स जिम के संस्थापक डॉ. प्रदीप बाबा मधोक, सह संस्थापक पूजा मधोक, सीईओ माहिर मधोक और मुख्य प्रशिक्षक मोहम्मद गयासुद्दीन हुसैन ने सामूहिक रूप से किया। प्रदीप बाबा मधोक ने बताया कि 11 सितंबर 1995 को सिगरा में पहले बॉब्स जिम की स्थापना हुई।
19 फरवरी 2015 को बॉब्स जिम की दूसरी शाखा लहुराबीर में खुली। अत्याधुनिक सहूलियतों के साथ ही बदलती जीवनशैली के हिसाब से चौबीस घंटे वर्कआउट की सुविधा मुहैया कराने के लिए अब ‘नेक्स्ट जेनरेशन बॉब्स जिम’ खोला गया है।
9000 वर्गफीट के क्षेत्रफल में फैले इस जिम में पर्सनल ट्रेनिंग के अलावा प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या और मेडिकल कंडीशन के अनुसार अनुभवी प्रशिक्षकों की व्यवस्था है। यहां 10 साल के छोटे बच्चे से लेकर बड़े-बुजुर्गों की फिटनेस के लिहाज से सभी सुविधाएं मुहैया हैं।
अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं का लाभ उठा पाएं, इसके लिए दूसरे अत्याधुनिक जिम की तुलना में इसका पंजीकरण शुल्क लगभग आधा रखा गया है।