मिर्जापुर। गृह मंत्री राजनाथ सिंह नेे मंगलवार को राहुल गांधी और कांग्रेस की पूर्व की सरकारों पर हमला बोला। कहा, कांग्रेस ने देश पर 55 साल तक राज किया। इस दौरान जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तक गरीबी हटाओ का नारा देते रहे लेकिन गरीबी दूर नहीं कर पाए। अब उसी पार्टी के मुखिया राहुल गांधी न्याय दिलाने की बात कर रहे हैं। इसका मतलब कांग्रेस ने इतने सालों में न्याय नहीं किया था। राजनाथ सिंह महुवरिया स्थित बीएलजे इंटर कालेज के मैदान पर भाजपा, अपना एल एस प्रत्याशी अनुप्रिया पटेल के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सरकार बनने पर राष्ट्रद्रोह कानून खत्म करने की बात करते हैं। भाजपा सरकार बनी तो हम इस कानून को और सख्त करेंगे। आतंक के साथ कोई समझौता नहीं होगा।
कहा कि रूस, चीन और अमेरिका के बाद भारत ने एंटी सेटेलाइट बनाने में कामयाबी हासिल की। इस सेटेलाइट को कई साल पहले बनाया जा सकता था। मनमोहन सिंह के पीएम रहते वैज्ञानिकों ने सेटेलाइट बनाने की अनुमति मांगी थी। लेकिन मनमोहन सिंह ने कहा कि चीन, रूस और अमेरिका से दुश्मनी लेने की जरूरत नहीं है। कहा कि देश और विश्व के इतिहास में पाकिस्तान पर सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कार्रवाई नहीं हुई। पीएम की प्रशंसा करने के बजाए विपक्ष सबूत मांग रहा है। क्या हमारे सैनिकों को सबूत के लिए लाशें गिननी चाहिए थीं। लाशें देखने का काम तो गिद्ध करते हैं। भारत-पाक युद्ध के बाद जब बांग्लादेश बना तो विपक्ष के नेता अटल बिहारी वाजपेयी ने संसद में इंदिरा गांधी को बधाई दी थी। भाजपा देश बचाने की राजनीति में विश्वास रखती है, देश तोड़ने में नहीं। रात 8:40 बजे से 9.12 बजे तक चले संबोधन में उन्होंने कहा कि पांच साल की भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, पर लगाम लगी है। कांग्रेस की सरकार में एक दिन में आठ किलोमीटर सड़क बनती थी, भाजपा सरकार में एक दिन में 32 किलोमीटर हाईवे बन रहा है। आजादी के बाद देश में केवल दो बार के लोकसभा चुनाव ऐसे हुए हैं, जब महंगाई मुद्दा नहीं बनी। इस बार महंगाई चुनावी मुद्दा नहीं है। देश इसी गति से आगे बढ़ता रहा तो 2030 तक भारत विश्व के तीन शक्तिशाली देशों में एक होगा। कहा, इस बार प्रदेश में एनडीए 73 से भी ज्यादा सीटें जीतेगा। अनुप्रिया पटेल की तरीफ करते हुए कहा कि वह संसद में हमेशा सवाल पूछती हैं। इशारों में कहा कि इस बार मंत्रिमंडल में उनका सम्मान और बढ़ेगा। सरकार बनने पर व्यापारी कल्याण बोर्ड, व्यापारी क्रेडिट कार्ड बनेगा। किसानों को प्रति माह तीन हजार पेंशन मिलेगी।
---