वाराणसी। लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में होने चुनाव के लिए सोमवार को सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्स (सीपीएमएफ), पीएसी और पुलिस के 13 हजार से ज्यादा जवान जिले में आ गए। इन जवानों को जिले भर के 75 स्कूल और कॉलेज में ठहराया गया है। चुनाव ड्यूटी के लिए आए जवानों का पुलिस लाइन और स्कूलों में फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
जिले में 19 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। चुनाव सेल प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर 22 कंपनी सीपीएमएफ और पांच कंपनी पीएसी के जवान जिले में आ गए हैं। इसके अलावा गैर जनपदोें से 345 एसआई, 150 प्रशिक्षु दरोगा, 385 हेड कांस्टेबल, 2350 कांस्टेबल और 5900 होमगार्ड आ गए हैं। अभी इसके अलावा भी फोर्स आएगी। इसके साथ ही मंगलवार से जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जवान चक्रमण कर भयमुक्त माहौल में मतदान करने के लिए आमजन को प्रेरित करेंगे। इस संबंध में एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि भयमुक्त माहौल में निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए पर्याप्त फोर्स जिले में आ गई है। मतदान को प्रभावित करने के लिए यदि किसी ने किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की तो वो सीधे जेल में नजर आएगा।