वाराणसी। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम निवासी संदिग्ध के शहर में मौजूद होने की सूचना पर शनिवार को जिले भर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान राजेंद्र प्रसाद घाट सहित अन्य प्रमुख गंगा घाटों, कुंडों, मंदिरों, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों के अलावा भीड़भाड़ वाले सभी स्थानों को पुलिस के साथ ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने खंगाला। पुलिस के अनुसार तलाशी अभियान में कहीं कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं पकड़ा गया और कोई लावारिस वस्तु नहीं बरामद हुई है।
खुफिया एजेंसियों के इनपुट के अनुसार जम्मू-कश्मीर के कुलगाम निवासी संदिग्ध के मोबाइल की लोकेशन शुक्रवार की रात आठ बजे लक्सा रोड स्थित लक्ष्मी कुंड के समीप मिली थी। शनिवार की सुबह 10:30 बजे तक संदिग्ध का मोबाइल वाराणसी में ऑन था। खुफिया एजेंसियों के अनुसार कुलगाम निवासी संदिग्ध की गतिविधियां हमेशा से शक के दायरे में रही हैं। आशंका है कि वो वाराणसी में किसी आतंकी गतिविधि को अंजाम देने की तैयारी में संलिप्त हो सकता है। संदिग्ध के मोबाइल की लोकेशन शहर में मिलने पर खुफिया एजेंसियों ने जिला पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय अभिसूचना इकाई को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की ताकीद की है। खुफिया इनपुट के आधार पर जिले भर में एक साथ चेकिंग शुरू कराई गई। अचानक शुरू हुई सघन चेकिंग को लेकर आमजन में हड़कंप की स्थिति देखी गई। वहीं, इस संबंध में पूछे जाने पर एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रूटीन में चेकिंग कराई गई थी। इसके अलावा कोई अन्य बात नहीं है।