सारनाथ। मशहूर हास्य कवि व कलाकार एहसान कुरैशी का कहना है कि जिसके अंदर जो भी विशेषताएं हों उसे निखारें। जब आपकी काबिलियत निखर कर सामने आएगी तो दुनिया खुद ब खुद आपको पहचानेगी। आपको किसी के पास जाने की जरूरत नहीं है। खुद को इस काबिल बनाइए कि दुनिया आपके पास आए। वह गुरुवार को अशोका इंस्टीट्यूट के महोत्सव अभ्युदय में हिस्सा लेने बनारस पहुंचे थे।
फिल्मों में हास्य कलाकारों की कमी पर उन्होंने कहा कि 70 और 90 के दशक में हास्य कलाकारों के लिए अलग से स्क्रिप्ट लिखी जाती थी लेकिन अब स्थितियां बदल चुकी हैं। मुख्य कलाकार ही हास्य कलाकारों का किरदार निभा रहे हैं। इसके कारण हास्य कलाकारों को फिल्म इंडस्ट्री में काम ढूढ़ने में परेशानी हो रही है।
देश के वर्तमान हालात पर उन्होंने कहा कि सरकार ने देर से ही सही लेकिन सही कदम उठाया है। हमारी लड़ाई किसी कौम के प्रति नहीं है। हमारी लड़ाई आतंक के खिलाफ है। ऐसे हालात में पूरे देश को कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होना चाहिए। इसमें किसी तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए।
एहसान कुरैशी ने देश के जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सरे मैदान बहादुरी की निशानी दे दी, खून से लिखी अपनी कहानी दे दी। हिंद ने जब-जब मांगी दूध की कीमत, हिंद के बेटों ने अपनी जवानी दे दी।
अशोका इंस्टीट्यूट के कार्यक्रम में सलमान खान के डुप्लीकेट को देखकर भावी इंजीनियर भी चौंक उठे। एहसान कुरैशी के साथ उनके सहयोगी जूनियर सलमान खान उर्फ सागर फोसर भी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।