वाराणसी। विधि-न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने 15 दिसम्बर से पहले शहर की सड़कों को धूलमुक्त बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने नगर निगम और लोक निर्माण विभाग से कहा है कि प्रवासी भारतीय सम्मेलन से पहले शहर की सड़कें, गलियां और नालियां पूरी तरह दुरुस्त हो जाएं। सप्ताह भर से हो रही विद्युत कटौती पर भी उन्होंने गहरी नाराजगी जताई।
राज्य मंत्री ने शनिवार को सर्किट हाउस में अधिकारियों से चेतगंज, लल्लापुरा, लक्सा, मिश्रपोखरा, गोदौलिया एवं बेनियाबाग आदि क्षेत्र में अधिक विद्युत कटौती पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री का ससंदीय क्षेत्र नो-ट्रिपिंग जोन घोषित है तो फिर बिजली कटौती क्यों हो रही है। सारनाथ से सिगरा तिराहा तक की सड़क को मॉडल सड़क बनाने का काम जल्द पूरा करने को कहा। दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास की सड़कें दुरुस्त होनी चाहिए। सत्यापन रिपोर्ट में गड़बड़ी हो तो संबंधित ठेकेदार और अभियंताओं पर कार्रवाई की जाए। विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने भगवानपुर मार्ग के दोनों तरफ इंटरलाकिंग का निर्देश दिया। पितृ पक्ष शुरू होने से पूर्व पिशाच मोचन एवं लक्ष्मीकुण्ड तालाब के मार्गो का मरम्मत सहित व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने हेतु नगर आयुक्त को निर्देशित किया। उन्होंने दुर्गापूजा पर माता की इकोफ्रेंडली मूर्ति के लिए मूर्तिकारों के साथ बैठक कर सुनिश्चित कराये जाने का निर्देश दिया।
----------------
स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति गठित
राज्यमंत्री ने नगर आयुक्त को 05 अक्तूबर तक शहर के प्रत्येक वार्ड में 15 सदस्यीय स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समिति का गठन हर हालत में किये जाने का निर्देश दिया। शाही नाला के निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर गंगा प्रदुषण नियंत्रण इकाई के अभियंताओं को जमकर फटकार लगायी। बैठक में विधायक रवीन्द्र जायसवाल, सौरभ श्रीवास्तव, जिलाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।