वाराणसी। जिला जेल में रविवार दोपहर बाद डीएम और एसएसपी ने पुलिस बल के साथ छापामारी की। छापामारी में जेल की बैरकों के आसपास से जिओ का सिम लगा एक मोबाइल, चार सिम, चिलम, गांजा, बीड़ी, लाइटर, सब्जी काटने वाला चाकू और माचिस जैसी आपत्तिजनक सामग्रियाें के साथ रुपया बरामद किया गया। मामले को लेकर कैंट थाने में अज्ञात बंदियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद मोबाइल और पांचों सिम को जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सुपुर्द किया गया है। औचक छापामारी से कारागार प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
डीएम सुरेंद्र सिंह और एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने एडीएम सिटी वीरेंद्र पांडेय, एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह और पुलिस बल के साथ औचक छापामारी की। तकरीबन डेढ़ घंटे तक जेल की बैरकें, शौचालय सहित अन्य सभी स्थान को खंगाला गया। तलाशी के दौरान बैरक नंबर दो-तीन के सामने से मिट्टी के ढेर में एक मोबाइल और शौचालय सहित अन्य स्थानों से चार सिम बरामद हुए। बरामद हुई सामग्रियों को कैंट पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान डीएम ने जिला जेल के भीतर कैमरों की संख्या बढ़ाने का निर्देश जेलर को दिया। जेल की निगरानी दुरुस्त रखने के लिए पिछले हिस्से में वॉच टावर लगवाने को कहा। बंदियों के पास से रुपया बरामद होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। कहा कि किसी भी सूरत में बंदियों के पास पैसा न रहे बल्कि हफ्ते में अधिकतम 150 रुपये का कूपन उन्हें दिया जाए। छापामारी के बाद डीएम और एसएसपी जेल से बाहर निकले तब जाकर कर्मियों ने राहत की सांस लिया।