वाराणसी। छावनी क्षेत्र स्थित होटल रेडिसन में सामूहिक दुराचार की शिकार पीड़िता को जेल से जमानत पर छूटे दो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर पर दौलतपुर क्षेत्र के कमला नगर के सत्येंद्र कुमार सिंह और सारनाथ की अमनपुरी कॉलोनी के आबिद मोहिउद्दीन के खिलाफ कैंट थाने में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। ये दोनों पीड़िता से सामूहिक दुराचार के आरोप में गिरफ्तार किए गए थे। इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
बाबतपुर एयरपोर्ट पर एक निजी विमानन कंपनी में कार्यरत रही युवती के साथ होटल रेडिसन में 27 मार्च को सामूहिक दुराचार का मामला सामने आया था। वारदात को लेकर पीड़िता की तहरीर पर दो अप्रैल को कैंट थाने में बाबतपुर एयरपोर्ट पर कार्यरत रहे डॉ. आशुतोष अस्थाना, इंडो-थाई विमानन कंपनी के मैनेजर रहे सत्येंद्र कुमार सिंह और ट्रेवल एजेंट आबिद मोहिउद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आशुतोष अब भी जेल में हैं जबकि सत्येंद्र और आबिद जमानत पर बाहर हैं। पीड़िता ने बताया कि छह जुलाई को अदालत में मुकदमे की सुनवाई थी। सुनवाई के बाद वो कचहरी से निकल कर आंबेडकर चौराहे पर ऑटो का इंतजार करने लगी। इसी दौरान सत्येंद्र और आबिद बाइक से उसके पास आए। दोनों ने धमकाया कि दर्ज मुकदमे में समझौता कर लो और अपना बयान अदालत में बदल दो नहीं तो तुम्हारी हत्या कर दी जाएगी। पीड़िता ने कहा कि दोनों ने उसे शहर छोड़ने के लिए भी धमकाया और ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। पीड़िता आरोपियों की धमकी से सहमी हुई है और उसने पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है।