वाराणसी। गुरुवार की आधी रात सिगरा थाना क्षेत्र के हरिनगर कॉलोनी में रहने वाले बेकरी विक्रेता नरेंद्र जायसवाल (45) की चाकू मारकर हत्या कर दी और फरार हो गए। बीच बचाव करते वक्तमृतक नरेंद्र के भाई राधेश्याम को भी हल्की चोटें आई हैं। इस घटना की जानकारी दो घंटे बाद पुलिस को हो सकी। शुक्रवार की सुबह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
राधेश्याम ने बताया कि बुधवार रात 12 बजे घर आए चार अज्ञात लोगों ने चाकुओं से नरेंद्र पर हमला कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना रात दो बजे तब मिली, जब कबीरचौरा अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस का आरोप है कि परिजनों ने घटना की सूचना समय से नहीं दी। नरेंद्र तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा राधेश्याम ई-रिक्शा चलाता है और वह नरेंद्र के साथ ही रहता था।
वहीं दूसरा रमाशंकर लेखपाल है। परिजनों का कहना है कि संपत्ति विवाद के कारण मझले भाई से विवाद चल रहा है। न्यायालय में मुकदमा चल रहा है और नरेंद्र ही इस पूरे मामले को देख रहा था। मृतक नरेंद्र अविवाहित था। एसओ सिगरा सतीश सिंह ने बताया कि राधे श्याम की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। आस-पास के क्षेत्रों से एक दर्जन से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर उसकी जांच की जा रही है।