वहिदानगर। जिले की धार्मिक स्थली सीतामढ़ी स्थित दयावंती पुंज मॉडल स्कूल के प्रांगण में शनिवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिक्षा वर्ग का समापन हुआ। इसमें संगठन के वरिष्ठ नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि कहा कि पाकिस्तान आतंकी देश है, उसका साथ देने वाले भी आतंकवादी हैं। आतंकियों का समर्थन करने वालों को सोचना चाहिए कि यह गलत है। उन्हें भी राष्ट्र से प्रेम करना चाहिए और देश विरोधियों को दुश्मन मानना चाहिए।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शिक्षा वर्ग के प्रथम वर्ष के समापन दिवस पर डीपीएमएस सीतामढ़ी के परिसर में एक विशाल प्रांतीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने युद्ध, मुष्ठि प्रहार, दंड प्रहार, भेद परिवृत्त आदि का प्रदर्शन किया। समारोह का आगाज मुख्य अतिथि आरएसएस के वरिष्ठ नेता इंद्रेश के स्वागत और ध्वज प्रणाम से हुआ। गगन में फहराते केसरिया ध्वज के नीचे ध्वज गीत का गान किया गया। इसके बाद गणवेश धारण किए स्वयंसेवकों ने स्वागत दंड प्रहार के 12 तरीकों के प्रदर्शन के साथ भेद परिवृत्त मार्ग, न्युद्ध यानी मार्शल आर्ट्स की भी शानदार प्रतिभा बिखेरी, जिसे देख हजारों लोग हतप्रभ रह गए।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि आरएसएस समूह एक ऐसा मिशन है, जो देश को प्रथम मानता है। जबकि स्वयंसेवक दीन-हीन, दु:खियों की सेवा में अपने को खपा देने वाले हैं। आरएसएस हिंदू संस्कृति का व्रत धारण कर आगे बढ़ रहा है। कहा कि कांग्रेस ने देश को सिर्फ विभाजन दिया, आजादी नहीं। अध्यक्षता करते हुए महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. त्रिलोकीनाथ सिंह ने कहा कि राष्ट्रप्रेमी लोगों को अपने शक्ति और संवर्धन को जागृत करने के लिए संघ के प्रशिक्षण की आवश्यकता है। गांवों से रोटी लेना न सिर्फ विविधता में एकता का परिचायक है, बल्कि आरएसएस की जातिगत भेदभाव को मिटाकर समरसता पैदा करने की अनूठी संस्कृति और पहल है। इस मौके पर सांसद वीरेंद्र सिंह, ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्र, रविंद्रनाथ त्रिपाठी, पूर्व सांसद गोरखनाथ पांडेय, रमेश, राजेंद्र, मनोज, श्रीनिवास आदि मौजूद रहे।